
गाजीपुर। जमानिया कोतवाली थाना पुलिस को एक और सफलता मिली है। थाना जमानिया पुलिस ने मु0अ0सं0–61/2026 धारा 305ए/331(4)/317(2) बीएनएस से संबंधित दो वांछित अभियुक्तों को गिरफ्तार कर क्षेत्र में अपराध पर सख़्त प्रहार किया है। 1 मार्च को उप निरीक्षक अश्वनी प्रताप सिंह मय हमराह पाण्डेय मोड़ पर संदिग्ध व्यक्तियों व वाहनों की चेकिंग कर रहे थे। इसी दौरान मुखबिर खास से मिली सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने सरायमुराद अली नहर के पास से अभियुक्त छोटू पुत्र रसुल एवं धर्मेन्द्र पासवान पुत्र सत्यनरायन पासवान निवासी पटखौलिया थाना जमानियां को गिरफ्तार किया।
गिरफ्तारी के दौरान अभियुक्त छोटू के कब्जे से एक अदद .315 बोर देशी तमंचा तथा एक अदद जिन्दा कारतूस बरामद किया गया। बरामदगी के आधार पर थाना जमानिया पर मु0अ0सं0–62/2026 धारा 3/25 आर्म्स एक्ट के अंतर्गत अलग से मुकदमा पंजीकृत किया गया है।
पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार अभियुक्त छोटू का आपराधिक इतिहास काफी लंबा है, जिसके विरुद्ध पूर्व में एनडीपीएस एक्ट, आर्म्स एक्ट, चोरी, नकबजनी एवं आबकारी अधिनियम सहित कई गंभीर मुकदमे दर्ज हैं। दूसरा अभियुक्त धर्मेन्द्र पासवान भी उक्त मामले में वांछित चल रहा था।
गिरफ्तार दोनों अभियुक्तों के विरुद्ध अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है।




