हौसला बुलंद बदमाशों ने सरेराह मोबाइल किया छिनैती, पुलिस हाथ पर हाथ धरे बैठी!

गाजीपुर। करण्डा थाना क्षेत्र में बदमाशों के हौसले इतने बुलंद हैं कि अब आम आदमी सरेराह मोबाइल से महरूम हो रहा है और पुलिस सिर्फ़ कागज़ों पर कार्रवाई दिखा रही है।
बीते 24 सितम्बर की शाम लगभग 7:30 बजे सुआपुर निवासी रामप्रकाश गुप्ता मेदनीपुर बाज़ार से घर लौट रहे थे। तभी रमजनपुर नटवा वावा के पास तीन बदमाश बाइक से आए और उनका मोबाइल झपटकर भाग निकले। पीड़ित ने बहादुरी दिखाते हुए शोर मचाया, पीछा किया और 112 पर कॉल कर पुलिस को सूचना भी दी, लेकिन हक़ीक़त यह है कि आज तक मोबाइल बरामद नहीं हो पाया। लोग पूछ रहे हैं कि जब पीड़ित खुद बदमाशों का पीछा कर सकता है, तो थाना करण्डा की पुलिस आख़िर क्या कर रही है?
ध्यान देने वाली बात यह है कि यह वही मोबाइल था जिसे मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बच्चों को पढ़ाई करने के लिए दिया था। इतना अहम मामला होने के बावजूद पुलिस की नींद नहीं टूटी। न कोई त्वरित तलाश, न ही सीसीटीवी जांच, बस “आवेदन दो, कार्रवाई होगी” का रटा-रटाया जवाब।
स्थानीय लोगों का कहना है कि अगर अपराधियों के सामने आम आदमी ही खड़ा होगा और पुलिस महज़ दर्शक बनी रहेगी, तो फिर पुलिस की उपयोगिता पर ही सवाल खड़ा होना स्वाभाविक है।
फिलहाल तहरीर मिलने के तीन दिन बाद पुलिस एफआईआर दर्ज कर छानबीन कर रही है।




