
जमानिया। कोतवाली क्षेत्र के रामपुर पट्टी सरनाम खां गांव के पास शुक्रवार की सुबह गंगा नदी में स्नान करते समय एक महिला गहरे पानी में समा गई। घटना के बाद से ही प्रशासन और स्थानीय ग्रामीण शव की तलाश में जुटे हैं, लेकिन घंटों की मशक्कत के बाद भी खबर लिखे जाने तक सफलता हाथ नहीं लगी है।
जानकारी के अनुसार, रामपुर पट्टी सरनाम खां निवासी रामविलास यादव की 45 वर्षीय पत्नी रिंकू देवी शुक्रवार सुबह करीब 6 बजे गंगा स्नान के लिए तट पर गई थीं। स्नान करने के दौरान वह अचानक अनियंत्रित होकर गहरे पानी की ओर चली गईं और डूबने लगीं। जब तक आसपास के लोग कुछ समझ पाते, वह नदी की धारा में लापता हो गईं। घटना की सूचना मिलते ही तहसीलदार रामनारायन वर्मा और कोतवाली पुलिस बल मौके पर पहुंच गया। तहसीलदार ने बताया कि महिला के डूबने की सूचना पर तत्काल राहत एवं बचाव कार्य शुरू कर दिया गया है। ग्रामीणों की मदद से महिला की तलाश की जा रही है। मौके पर परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है और गांव में मातम पसरा हुआ है। पुलिस प्रशासन का कहना है कि शव की बरामदगी के लिए हर संभव प्रयास किए जा रहे हैं।




