
जमानिया। शिक्षा विभाग द्वारा अमान्य विद्यालयों पर शिकंजा कसने का सिलसिला जारी है। शनिवार को खंड शिक्षा अधिकारी (बीईओ) राजीव कुमार यादव ने क्षेत्र के कई विद्यालयों पर छापा मारा।
छापेमारी के दौरान खड़ईचा और कर्महारी में बिना मान्यता विद्यालयों में शैक्षणिक गतिविधियां संचालित मिली। मालूम हो कि इन विद्यालयों को पूर्व में भी नोटिस दिया जा चुका था, बावजूद इसका संचालन चल रहा था। खंड शिक्षा अधिकारी ने बताया कि संबंधित विद्यालयों को तत्काल प्रभाव से बंद कराने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। इसके साथ ही जुर्माना लगाने और अन्य विधिक कार्रवाई के लिए उच्चाधिकारियों को रिपोर्ट भेज दी गई है। उपरोक्त विद्यालयों के अलावा आधा दर्जन से अधिक अमान्य विद्यालयों पर भी निरीक्षण किया गया है, जहां नियमों की अनदेखी सामने आई है। शिक्षा विभाग की ओर से स्पष्ट किया गया है कि बिना मान्यता संचालित किसी भी विद्यालय को बख्शा नहीं जाएगा। बीईओ राजीव कुमार यादव ने अभिभावकों से अपील की है कि वह अपने बच्चों का नामांकन सिर्फ मान्यता प्राप्त विद्यालयों में ही कराएं, जिससे बच्चों की शिक्षा और भविष्य सुरक्षित रह सके। इस दौरान नोडल शिक्षक अखंड प्रताप सिंह, मजहर खान, गोरख आदि मौजूद रहे।




