जमानिया। कोतवाली क्षेत्र के बहादुरपुर नहर के पास सोमवार की दोपहर एक दर्दनाक सड़क हादसा हुआ, जिसमें एक वृद्ध की जान चली गई। प्राप्त जानकारी के अनुसार, धनौता गांव निवासी 75 वर्षीय हृदयनरायण कुशवाहा सोमवार दोपहर करीब 1:30 बजे नहर के पास अपनी बकरी चरा रहे थे। इसी दौरान एक तेज रफ्तार मोटरसाइकिल सवार ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी। इस भिड़ंत में मोटरसाइकिल सवार अनियंत्रित होकर सड़क पर गिरकर अचेत हो गया, जबकि हृदयनरायण कुशवाहा गंभीर रूप से घायल हो गए।
आस-पास मौजूद ग्रामीणों ने तत्काल घटना की सूचना स्थानीय पुलिस को दी और दोनों घायलों को इलाज के लिए प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया। प्राथमिक उपचार के बाद बुजुर्ग की गंभीर स्थिति को देखते हुए चिकित्सकों ने उन्हें वाराणसी के ट्रामा सेंटर के लिए रेफर कर दिया, जहां इलाज के दौरान देर शाम उन्होंने दम तोड़ दिया। मौत की खबर मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी कराई और मंगलवार को वाराणसी में उनका दाह संस्कार किया गया। इस मामले में मृतक के पुत्र दिनेश ने कोतवाली में लिखित तहरीर दी है। प्रभारी निरीक्षक राम सजन नागर ने बताया कि प्राप्त तहरीर के आधार पर संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर विधिक कार्रवाई की जा रही है।




