Nh 24 क्रॉसिंग पर फंसा टैंकर, स्थानीय लोगों की मदद से टला बड़ा हादसा

जमानिया। सोमवार की सुबह जमानिया एनएच-24 बाईपास रेलवे क्रॉसिंग पर उस समय अफरा-तफरी मच गई जब भारत पेट्रोलियम का एक ट्रक रेलवे ट्रैक पर फंस गया। ट्रक के फंसते ही वहां मौजूद लोगों ने सूझबूझ का परिचय देते हुए त्वरित कार्रवाई की और किसी भी अप्रिय घटना से बचने के लिए मिलजुलकर ट्रक को धक्का देकर ट्रैक से बाहर निकाल दिया। इससे एक बड़ा हादसा टल गया।
जानकारी के अनुसार, भारत पेट्रोलियम का यह ट्रक सैयदराजा की ओर जा रहा था। जब वह एनएच-24 बाईपास रेलवे क्रॉसिंग पर पहुंचा, तो सड़क की जर्जर स्थिति और गहरे गड्ढों के कारण वाहन रेलवे ट्रैक पर अटक गया। अचानक ट्रक बंद हो जाने से चालक घबरा गया और आसपास के लोगों से मदद मांगी। मौके पर मौजूद स्थानीय लोग तुरंत सहायता के लिए पहुंचे और संयुक्त प्रयास से ट्रक को सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया। वाहन चालकों ने बताया कि एनएच-24 बाईपास क्रॉसिंग के आसपास सड़क की हालत अत्यंत खराब है। ट्रैक के पास बने गड्ढों के कारण भारी वाहन अक्सर फंस जाते हैं, जिससे कभी भी बड़ा हादसा हो सकता है।स्थानीय निवासी प्रवीण कुमार, हरिनारायण और टिंकू कुमार ने बताया कि खराब सड़कों और ट्रैक के समीप गड्ढों के कारण आए दिन जाम की स्थिति बन जाती है। कई बार यात्रियों को घंटों तक परेशानी झेलनी पड़ती है। ग्रामीणों ने संबंधित विभाग से शीघ्र सड़क मरम्मत और रेलवे क्रॉसिंग के समतलीकरण की मांग की है। ग्रामीणों का कहना है कि यदि जल्द सुधार नहीं हुआ तो किसी दिन बड़ी दुर्घटना हो सकती है, क्योंकि इस मार्ग से प्रतिदिन तेल टैंकर, ट्रक और अन्य भारी वाहन गुजरते हैं।




