
जमानिया। कोतवाली क्षेत्र के कोटिया गांव में शनिवार की सुबह करीब 9 बजे नवविवाहिता ने पंखे से लटक कर आत्महत्या कर लिया। घटना की जानकारी होते ही गांव में सनसनी फैल गई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
जानकारी के अनुसार अंशु मौर्य (21) का विवाह 4 दिसंबर 2024 काे कोटिया गांव निवासी गौतम मौर्य के साथ हुई। परिवार के लोगों के साथ हसी खुशी से रह रही थी। शनिवार की सुबह करीब 9 बजे विवाहिता ने घर के अंदर दुपट्टे के सहारे पंखे से लटककर जान दे दी। घटना के समय परिवार के लोग सास माली देवी, ससुर मेघनाथ और देवर चंद्रकेश खेत में गेहूं की फसल काटने गए थे। वही विवाहिता का पति बाहर रह कर प्राइवेट नौकरी करता है। खेत से लौटने के बाद जब पानी के लिए आवाज दी गई तो कोई जवाब नहीं मिला। शक होने पर परिजन घर में दाखिल हुए तो देखा कि अंशु के कमरे का दरवाजा अंदर से बंद था। दरवाजा तोड़ने के बाद अंदर पहुंचे तो अंशु को पंखे से लटकता देख सभी अवाक रह गए। घटना की सूचना तुरंत ग्राम प्रधान और विवाहिता के मायके वालों को दी गई। सूचना मिलते ही पुलिस भी मौके पर पहुंच गई और शव को कब्जे में ले लिया। इस संबंध में भाई पवन कुशवाहा, निवासी बडोरा ने कोतवाली में तहरीर दी और शव का पोस्टमार्टम कराने की मांग की। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है। इस संबंध में प्रभारी निरीक्षक प्रमोद कुमार सिंह ने बताया कि शव को कब्जे में ले लिया है। पीएम के लिए भेजा जा रहा है। तहरीर के आधार पर आगे की कार्रवाई की जा रही है।




