योगी राज में गौशाला निर्माण में भ्रष्टाचार, घटिया ईंटें और सफेद बालू से हो रहा बाउंड्री वॉल का निर्माण

गाजीपुर। योगी सरकार में भ्रष्टाचार पर ज़ीरो टॉलरेंस की नीति के बावजूद गाजीपुर जिले के करंडा विकासखंड अंतर्गत सुआपुर ग्राम सभा में मनरेगा योजना के तहत बन रही गौशाला की बाउंड्री वॉल में खुलेआम भ्रष्टाचार किया जा रहा है। निर्माण कार्य में घटिया किस्म की ईंटों और मानक के विपरीत सफेद बालू का प्रयोग धड़ल्ले से किया जा रहा है। पिलरों में भी कमजोर सरिया डाले जा रहे हैं, जिससे निर्माण की मजबूती और टिकाऊपन पर गंभीर सवाल उठ खड़े हुए हैं। गौशाला निर्माण कार्य में गुणवत्ता के साथ जमकर समझौता किया जा रहा है।
ग्राम प्रधान पति ने दी सफाई:
जब इस संबंध में ग्राम प्रधान पति प्रकाश सोनकर से संपर्क किया गया, तो उन्होंने आरोपों को खारिज करते हुए कहा, “मेरे यहां सब काम नियमों के अनुसार हो रहा है। निर्माण में लाल बालू के साथ सफेद बालू भी मिलाया जा रहा है, जो तकनीकी रूप से स्वीकार्य है।
हालांकि, उन्होंने यह स्वीकार किया कि प्रयोग की जा रही ईंटें पूरी तरह से ‘प्रथम श्रेणी’ की नहीं हैं, द्वितीय श्रेणी की है लेकिन इसे ‘कार्य की जरूरत’ बताते हुए उचित ठहराया।
लोगों ने निर्माण कार्य की निष्पक्ष जांच की मांग की है और जिला प्रशासन से अपील की है कि निर्माण स्थल का निरीक्षण कर दोषियों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाए।
ब्लाक प्रशासन की चुप्पी:
इस संबंध में खंड विकास अधिकारी करंडा के सीयूजी नंबर 9454465251 पर कई बार संपर्क करने का प्रयास किया गया लेकिन पूरी रिंग जाने के बावजूद भी उनके द्वारा न तो फोन उठाया गया और न ही अभी तक काल बैक किया गया।
ऐसे में यह देखना दिलचस्प होगा कि जिला प्रशासन इस गंभीर आरोप पर क्या कदम उठाता है।
वर्जन –
सुआपुर ग्राम पंचायत की शिकायते बहुत ज्यादा आ रही है बीडीओ अभी छुट्टी पर दवा लेने गई है उनको फोन कर अवगत करा दे रहा हूं, आज तहसील दिवस में है। सोमवार को खुद मौके पर आकर जांच कर कार्रवाई करता हूं – विजय कुमार यादव, डीसी मनरेगा।
आपके द्वारा मामला संज्ञान में लाया जा रहा है। मेरे द्वारा तुरंत बीडीओ को जांच करने के लिए निर्देश किया जा रहा है जांचोपरांत सख्त कार्रवाई की जाएगी – संतोष कुमार वैश्य, सीडीओ गाजीपुर।




