जमानिया। थाना क्षेत्र के एक गांव में सोमवार की शाम एक युवती से छेड़खानी और उसके परिजन की पिटाई के मामले में पीड़िता की शिकायत पर पुलिस ने मंगलवार को मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी।
जानकारी के अनुसार, युवती घर से सामान लेने निकली थी। इसी दौरान रास्ते में एक युवक ने उसका रास्ता रोक लिया और पकड़कर अंधेरी गली की ओर खींचने लगा। युवती के शोर मचाने पर उसके परिजन मौके पर पहुंचे और आरोपी से कहासुनी हो गई। इसी बीच युवक के पक्ष के कुछ लोग लाठी-डंडा और लोहे की रॉड लेकर पहुंच गए और गाली-गलौज करते हुए युवती के परिजन पर हमला कर दिया। मारपीट में परिजन गंभीर रूप से घायल हो गए और बेहोश होकर गिर पड़े। घटना की सूचना मिलने पर आस-पास के लोग मौके पर पहुंचे और बीच-बचाव कर घायल को बचाया। इसके बाद पीड़ित पक्ष ने थाने पहुंचकर आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। इस संबंध में प्रभारी निरीक्षक प्रमोद कुमार सिंह ने बताया कि तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। जांच की जा रही है।



