जमानिया। कोतवाली क्षेत्र के खाँवपुरा गांव में पुरानी रंजिश और बच्चों के विवाद को लेकर एक घर पर हमला करने और दंपत्ति को बेरहमी से पीटने और ईंट मारकर घर का मुख्य गेट भी तोड़ दिया। घायल को इलाज के लिए सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पीड़िता की तहरीर पर पुलिस ने शुक्रवार को चार नामजद आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है।
खाँवपुरा निवासी पीड़िता मीरा देवी (पत्नी लक्ष्मण सिंह यादव) ने कोतवाली में दी गई अपनी तहरीर में बताया है कि 4 मार्च (बुधवार) की शाम करीब 7 बजे बच्चों की किसी बात और पुरानी रंजिश को लेकर गांव के ही विश्वजीत, मनीष देव, कृष्णदेव (तीनों पुत्र संजय यादव) और कृष्णकान्त यादव (पुत्र त्रिवेणी यादव) उनके घर आ धमके। आरोपियों ने आते ही भद्दी-भद्दी गालियां देनी शुरू कर दीं। जब मीरा और उनके पति लक्ष्मण सिंह यादव ने इसका विरोध किया, तो आरोपियों ने लाठी-डंडे और लात-घूंसों से उन पर हमला कर दिया। हमलावरों ने दबंगई दिखाते हुए ईंटों से प्रहार कर पीड़िता के घर का मुख्य दरवाजा (गेट) भी तोड़ दिया। इस हिंसक हमले में मीरा देवी के पति लक्ष्मण सिंह यादव को काफी गंभीर चोटें आई हैं। परिजनों ने आनन-फानन में उन्हें इलाज के लिए सदर अस्पताल गाजीपुर पहुंचाया, जहां उनका उपचार चल रहा है। इस खौफनाक वारदात के बाद डरी-सहमी पीड़िता ने शुक्रवार (6 मार्च) को कोतवाली पहुंचकर पुलिस को घटना की लिखित सूचना दी। प्रभारी निरीक्षक रामसजन नागर ने बताया कि तहरीर के आधार पर चारों आरोपियों (विश्वजीत, मनीष देव, कृष्णदेव और कृष्णकान्त) के खिलाफ सुसंगत धाराओं में अभियोग दर्ज कर लिया है। जांच की जा रही है।



