जमानिया। कोतवाली क्षेत्र के करमहरी पेट्रोल पंप के पास शुक्रवार की दोपहर दो मोटरसाइकिलों की जोरदार भिड़ंत में बिहार निवासी दो युवकों की दर्दनाक मौत हो गई। तेज रफ्तार और लापरवाही से बाइक चला रहे दूसरे युवक की टक्कर से यह हादसा हुआ। मृतक के भाई की तहरीर पर पुलिस ने आरोपी (घायल) बाइक सवार के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है और शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
कैमूर (भभुआ), बिहार के रामगढ़ थाना क्षेत्र स्थित महुअर गांव निवासी सूबेदार राम ने जमानिया कोतवाली में तहरीर देते हुए बताया कि उनका छोटा भाई पप्पू राम अपने दोस्त निरंजन कुमार राम (निवासी किशुनपुरा, रामगढ़) के साथ शुक्रवार की दोपहर करीब साढ़े तीन बजे पल्सर मोटरसाइकिल से दिलदारनगर की तरफ से आ रहे थे। जैसे ही दोनों दोस्त करमहरी पेट्रोल पंप के पास पहुंचे, तभी करमहरी की तरफ से तेजी और घोर लापरवाही से अपाचे मोटरसाइकिल चलाते हुए आ रहे एक युवक ने उनकी पल्सर में जोरदार टक्कर मार दी। इस भीषण हादसे में पल्सर सवार पप्पू राम और निरंजन कुमार राम की दर्दनाक मौत हो गई। हादसे की भयावहता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि दोनों मोटरसाइकिलें बुरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गईं। तहरीर में बताया गया है कि घटना के बाद स्थानीय लोगों से जानकारी करने पर पता चला कि अपाचे मोटरसाइकिल को करमहरी गांव निवासी गौरी शंकर चौधरी का लड़का चला रहा था। इस हादसे में वह अपाचे चालक भी घायल हुआ है, जिसका इलाज चल रहा है। इस संबंध में कोतवाली के प्रभारी निरीक्षक रामसजन नागर ने बताया कि मृतक पप्पू राम के बड़े भाई सूबेदार राम की लिखित तहरीर के आधार पर आरोपी अपाचे चालक के खिलाफ सुसंगत धाराओं में प्राथमिकी दर्ज कर लिया गया है। दोनों मृतकों के शवों का पंचायतनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को कब्जे में लेकर मामले की विधिक कार्रवाई की जा रही है।

