रास्ते के किनारे पानी के गड्ढे में मिला वृद्ध का शव क्षेत्र में फैली सनसनी

गाजीपुर। मुहम्मदाबाद कोतवाली क्षेत्र के गांव कठउत में रास्ते के किनारे पानी के गड्ढे में शनिवार सुबह एक बुजुर्ग का शव मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। शव की पहचान मुकामी गांव कठउत निवासी 72 वर्षीय विक्रमा राजभर पुत्र स्वर्गीय बैजनाथ राजभर के रूप में हुई। जानकारी के अनुसार, शनिवार सुबह ग्रामीणों ने गांव के बाहर जाने वाले रास्ते के किनारे पानी के गड्ढे में एक व्यक्ति को धोती कुर्ता पहने अचेत अवस्था में पड़ा देखा जिसमें आधा शरीर पानी के अंदर और आधा शरीर पानी के बाहर था। पास जाकर देखने पर वह मृत पाया गया। इसकी सूचना तत्काल पुलिस को दी गई। कुछ ही देर में मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने परिजनों की उपस्थिति में शव को पानी से बाहर निकाला। पुलिस सूत्रों के अनुसार मृतक के शरीर पर कोई चोट, जख्म का निशान प्रथमदृष्टया नहीं दिखाई पड़ रहा है। ग्रामीणों ने बताया कि मृतक विक्रमा राजभर क्षेत्र के एक ईंट भट्टे पर काम करते थे और वह अक्सर शराब पीने के लत के शिकार थे। मृतक के पुत्र राजेश राजभर ने बताया कि विक्रम राजभर शुक्रवार शाम 7 बजे से ही घर से निकले थे। रात में काफी खोजबीन की गई लेकिन उनका पता नहीं चल पाया था। सुबह उनका शव पानी के गड्ढे में मिला है। मृतक के तीन पुत्र हैं जिसमें राजेश राजभर, हरकेश राजभर और एक भाई रामकेश राजभर गुजरात में रहता है। इस संबंध में उप निरीक्षक रामाश्रय यादव ने बताया कि शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम हेतु जिला अस्पताल भेजा गया है। पीएम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारणों का पता चल पाएगा।




