फर्जी जीएसटी व आयकर अधिकारी बनकर ठगी करने वाला मास्टरमाइंड को पुलिस ने दबोचा

फर्जी आईडी व मोबाइल पुलिस ने किया बरामद
गाजीपुर। थाना शादियाबाद पुलिस ने फर्जी पहचान बनाकर आम जनता और व्यापारियों को ठगने वाले शातिर गिरोह के मास्टरमाइंड को गिरफ्तार कर बड़ा खुलासा किया है। पुलिस ने वांछित अभियुक्त सरस कुमार गुप्ता पुत्र रेशम लाल गुप्ता, निवासी ग्राम सादात, थाना सादात, जनपद गाजीपुर को दबोचकर जेल भेज दिया।
पुलिस के मुताबिक, आरोपी खुद को कभी जीएसटी अधिकारी तो कभी आयकर विभाग का चीफ कमिश्नर बताकर लोगों को डराता था और दबाव बनाकर अवैध वसूली करता था। यह खेल वह लंबे समय से चला रहा था, जिससे क्षेत्र में दहशत और लोगों में आक्रोश का माहौल बना हुआ था। 8 अप्रैल को उप निरीक्षक अजय प्रकाश पाण्डेय मय हमराह टीम द्वारा सराय सदकर के पास चेकिंग के दौरान मुखबिर की सटीक सूचना पर मु0अ0सं0 97/2026 धारा 319(2)/318(4)/338/340(2) बीएनएस से संबंधित इस वांछित अभियुक्त को गिरफ्तार किया गया। गिरफ्तारी के दौरान पुलिस ने आरोपी के पास से फर्जी चीफ कमिश्नर आयकर विभाग की आईडी और दो मोबाइल फोन भी बरामद किए हैं, जो उसकी ठगी की साजिश का पुख्ता सबूत हैं।



