
जमानिया। तहसील क्षेत्र के मरवटीयां मकरंद उर्फ करजही मौजा में शुक्रवार की दोपहर आग का तांडव देखने को मिला, जहां अज्ञात कारणों से लगी आग ने दो किसानों की मेहनत को पल भर में राख कर दिया। दोपहर करीब 12:30 बजे खेत में अचानक उठी आग की लपटों ने तेज हवाओं के साथ विकराल रूप धारण कर लिया और आसपास की खड़ी गेहूं की फसल को अपनी चपेट में ले लिया। धुंआ और लपटें उठते देख भारी संख्या में ग्रामीण मौके पर दौड़े और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया, जिससे एक बड़ा हादसा होने से बच गया।
इस अग्निकांड में मदनपुरा निवासी राधेश्याम तिवारी की करीब 2 बीघा और प्रभुनाथ चौबे की लगभग 15 बिस्वा तैयार गेहूं की फसल जलकर पूरी तरह नष्ट हो गई। पीड़ित किसानों ने रुंधे गले से बताया कि उनकी महीनों की मेहनत और पूंजी कुछ ही मिनटों में आंखों के सामने स्वाहा हो गई। घटना की जानकारी मिलते ही डायल 112 की टीम और राजस्व विभाग के अधिकारी मौके पर पहुंच गए। राजस्व कर्मियों ने नुकसान का मौका मुआयना कर आकलन किया और पीड़ित किसानों को राहत दिलाने के लिए आवश्यक विभागीय कार्रवाई शुरू कर दी है। इस संबंध में तहसीलदार राम नरायण वर्मा ने बताया कि लेखपाल के रिपोर्ट के आधार पर अग्रिम कार्रवाई की जाएगी।




