उत्तर प्रदेशगाजीपुरज़मानिया

बार संघ के पूर्व अध्यक्ष का लंबी बीमारी के बाद निधन

जमानियां। स्थानीय तहसील क्षेत्र के हरपुर निवासी एवं जमानियां बार संघ के पूर्व अध्यक्ष अधिवक्ता गोरखनाथ सिंह यादव (65) का रविवार को लंबी बीमारी के चलते उनके पैतृक आवास पर निधन हो गया। उनके निधन की खबर फैलते ही क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई। ग्रामीणों, अधिवक्ताओं और शुभचिंतकों का पैतृक आवास पर पहुंचकर उन्हें श्रद्धांजलि देने और परिजनों को सांत्वना देने का सिलसिला देर तक जारी रहा।

अधिवक्ता गोरखनाथ सिंह यादव का अंतिम संस्कार तहसील मुख्यालय स्थित महर्षि यमदाग्नि परशुराम गंगा घाट (बलुआ घाट गंगा तट) पर किया गया, जहां उनके भतीजे सुनील ने मुखाग्नि दी। इस दौरान मौजूद लोगों की आंखें नम हो गईं। परिजनों के अनुसार, वे पिछले कुछ महीनों से कैंसर जैसी गंभीर बीमारी से जूझ रहे थे और उनका इलाज चल रहा था। मृतक अधिवक्ता के परिवार में तीन पुत्रियां हैं, जिनमें से दो का विवाह हो चुका है। गोरखनाथ सिंह यादव ने लंबे समय तक स्थानीय तहसील में अधिवक्ता के रूप में कार्य किया और असंख्य लोगों को मुकदमों में न्याय दिलाया। वे लगातार पांच बार तहसील बार एसोसिएशन के अध्यक्ष रहे और इस दौरान अधिवक्ताओं के हितों के लिए संघर्षरत रहे।अधिवक्ताओं और परिचितों के अनुसार, वे मृदुल स्वभाव और लोकप्रिय व्यक्तित्व के धनी थे। उनका व्यवहार जनता, वादकारियों और अधिकारियों, सभी के प्रति सहज और सम्मानजनक था, जिससे वे सभी वर्गों में प्रिय थे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button

You cannot copy content of this page