रेलवे ट्रैक पर ट्रैक्टर पलटा, फिर दबंगई दिखाकर चालक को छुड़ा ले गए… RPF ने 20 किमी दूर मिल से ट्रॉली समेत पकड़ा!

(दिलदारनगर) गाजीपुर। जमानिया रेलवे स्टेशन के समपार फाटक संख्या 88/A पर मंगलवार को बड़ा हादसा और उससे भी बड़ा ड्रामा देखने को मिला। ओवरलोड धान से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉली तेज रफ्तार में लाइन पार करते समय ट्रैक के बीचो-बीच पलट गई, जिसके बाद रेलवे सुरक्षा बल ने मौके पर तत्काल एक्शन लिया। RPF के आरक्षी W. कुमार ट्रैक्टर-ट्रॉली और चालक को कब्जे में लेकर कार्रवाई कर ही रहे थे कि तभी 9–10 की संख्या में दबंग मौके पर पहुंचे, खुद को विधायक का प्रतिनिधि बताते हुए धौंस दिखाई, गेट पर हंगामा किया और चालक तथा ट्रॉली को जबरन ले भागे।
घटना की गंभीरता को देखते हुए निरीक्षक प्रभारी दिलदारनगर स्वयं टीम के साथ मौके पर पहुंचे। छानबीन से पता चला कि ट्रैक्टर-ट्रॉली को 20 किलोमीटर दूर कमरिया गांव की एक धान मिल में छिपा दिया गया। RPF टीम तुरंत वहां पहुंची और मिल के अंदर से खाली ट्रैक्टर-ट्रॉली व चालक गोपाल यादव को बरामद कर लिया।
जब्त सामान:
न्यू हॉलैंड 3230 मॉडल का नीले रंग का ट्रैक्टर-ट्रॉली
गिरफ्तार चालक:
गोपाल यादव, पिता–रामउग्रह यादव
निवासी – मनीपट्टी डाबरिया, थाना धानापुर, जिला चंदौली
कार्रवाई:
गेटमैन झामबिहारी की लिखित शिकायत के आधार पर RPF दिलदारनगर ने ट्रैक्टर चालक के विरुद्ध रेलवे अधिनियम की कठोर धाराओं में मामला दर्ज किया है।
साथ ही वाहन स्वामी चंद्रशेखर सहित 9–10 फरार दबंगों पर भी मुकदमा दर्ज किया गया है, जिन्होंने खुद को विधायक का प्रतिनिधि बताकर सरकारी कार्य में बाधा डाली, फाटक पर हंगामा किया और आरोपी को छुड़ाकर ले भागे।




