
गाजीपुर। स्थानीय राजकीय बालिका इंटर कॉलेज के प्रांगण में गुरुवार को वार्षिकोत्सव ‘विवित्सा’ धूमधाम व उत्साह पूर्वक मनाया गया। बच्चों ने सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत कर सभी मंत्रमुग्ध कर दिया।
कार्यक्रम का शुभारम्भ मुख्य अतिथि सिटी इंटर कॉलेज के प्रधानाचार्य दिनेश यादव और विशिष्ट अतिथि पुरा छात्रा व पूर्व प्रधानाचार्य पद्मा पाण्डेय, पुरा छात्रा पूर्व अर्थशास्त्र प्रवक्ता नंदिनी श्रीवास्तव, पूर्व प्रधानाचार्या विभा श्रीवास्तव ने मां सरस्वती के प्रतिमा पर माल्यार्पण व दीप प्रज्ज्वलित कर किया। तत्पश्चयात छात्राओं द्वारा गणपति नृत्य कर कार्यक्रम का विधिवत शुभारंभ किया गया। कार्यक्रम में नशा उन्मूलन व देशभक्ति से ओत-प्रोत नाटक, विभिन्न लोकभाषाओं से आच्छादित समूह नृत्य व
विभिन्न प्रकार के सांस्कृतिक कार्यक्रमों को प्रस्तुत किया गया। इस अवसर पर वर्ष भर विभिन्न प्रतियोगिताओं में पुरस्कृत छात्राओं और कक्षाओं में प्रथम, द्वितीय, तृतीय स्थान प्राप्त छात्राओं को पुरस्कृत किया गया। इस अवसर पर उनके अभिभावक भी उपस्थित रहे। इस अवसर पर राजकीय सिटी इंटर कॉलेज के अंग्रेजी प्रवक्ता कालीशंकर सिंह, राम सिंहासन कुशवाहा और डी.ए.वी. इंटर कॉलेज के अंग्रेजी के अध्यापक जितेंद्र कुमार विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। मुख्य अतिथि दिनेश यादव ने कहा की छात्रों के निर्माण में शिक्षक-अभिभावक का सबसे बड़ा योगदान रहता है ।बच्चे मिट्टी की तरह होते हैं, जैसे उन्हें ढालेंगे, वैसे वह ढलेंगे। विद्यालय की प्रधानाचार्या रागिनी श्रीवास्तव ने आए हुए सभी अतिथियों,अभिभावकों और सभी अध्यापिकाओं व कर्मचारियों के प्रति आभार व्यक्त किया।




