
जमानिया। तहसील क्षेत्र के रामलीला मैदान में गुरुवार को नगर पालिका द्वारा हरा पेड़ कटवाए जाने की सूचना मिलते ही क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोग मौके पर जुट गए और पेड़ कटान को लेकर नाराजगी जताई।
मामले की जानकारी मिलते ही वन विभाग की टीम कोतवाली पुलिस के साथ मौके पर पहुंची और बिना अनुमति चल रहे पेड़ कटान को तत्काल रुकवा दिया। अधिकारियों ने बताया कि नगर पालिका अध्यक्ष की ओर से बिना डीएफओ की अनुमति हरा पेड़ कटवाया जा रहा था। क्षेत्रीय वनाधिकारी जयशंकर वर्मा ने कहा कि बिना स्वीकृति पेड़ कटान कराना नियम के विरुद्ध है। उन्होंने बताया कि कट चुकी लकड़ी को जब्त किया जाएगा। साथ ही भविष्य में किसी भी पेड़ को काटने के लिए डीएफओ की अनुमति अनिवार्य होने की बात भी दोहराई। कोतवाली प्रभारी राम सजन नागर ने भी मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया और भीड़ को नियंत्रित कराया। पेड़ कटान की इस घटना को लेकर क्षेत्र में दिनभर चर्चा बनी रही।



