
जमानियाँ (गाजीपुर)। स्थानीय नगर के स्टेशन बाजार स्थित दुर्गा माता मंदिर के पास मुख्य मार्ग पर बने नाले की सीमेंटेड स्लैब टूटने के कारण राहगीरों सहित वाहन चालकों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। आए दिन दो पहिया वाहन चालक दुर्घटनाग्रस्त हो रहे हैं। लोगो ने नाले की सीमेंटेड स्लैब को पहले की भांति दुरुस्त करने की मांग की है।
ज्ञात हो कि नाले की स्लैब टूटी होने के चलते यहां पर कई दुर्घटनाएं घटित हो चुकी हैं। स्लैब टूटने के वजह से यहां केवल एक वाहन के गुजरने का ही रास्ता बचा है। ऐसे में आमने-सामने से वाहन आने की स्थिति में वाहन चालकों का इस जगह से गुजरना कठिन हो जाता है। यह रास्ता एनएच-24 बरुइन मोड़ से रेलवे स्टेशन को जोड़ता है। स्टेशन जाने का मुख्य मार्ग होने के कारण इस सड़क पर वाहनों का काफी दबाव बना रहता है। मंदिर के सामने ही यूनियन बैक होने के कारण वाहनों की कतार सड़क किनारे ही लगी रहती है। अति व्यस्त सड़क होने के बाद भी नाले का टूटा स्लैव का निर्माण न होना चर्चा का विषय बना हुआ है। नगर पालिका नाले का टूटा स्लैव बनवाने के बजाय उस जगह पर बड़ा बोल्डर रखकर हादसे को आमंत्रण देने के लिए छोड़ दिया है। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से नाले की टूटी स्लैब की मरम्मत की मांग की है। इस सम्बन्ध में नपा अधिशासी अधिकारी संतोष कुमार ने बताया कि जांच कराकर जल्द ही निर्माण कार्य कराया जायेगा।




