उत्तर प्रदेशखेल-कूदगाजीपुरज़मानियाशिक्षा

एस.आर.एन.एस.एस. पब्लिक स्कूल में खेल-कूद वार्षिकोत्सव की धूम: कबड्डी और दौड़ में छात्रों ने दिखाया दम

जमानिया। क्षेत्र के बरूईन स्थित एस.आर.एन.एस.एस. स्कूल के प्रांगण में गुरुवार को वार्षिक खेल-कूद प्रतियोगिता (स्पोर्ट्स डे) का भव्य आयोजन किया गया। रंग-बिरंगी झंडियों और गुब्बारों से सजे विद्यालय परिसर में छात्रों ने अपनी शारीरिक क्षमता और खेल कौशल का उत्कृष्ट प्रदर्शन कर उपस्थित लोगों का मन मोह लिया।कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि डॉ. अभिमन्यु सिंह (बीएचयू, वाराणसी) ने मां सरस्वती की प्रतिमा पर पुष्प अर्पित कर और हरी झंडी दिखाकर किया। इसके पश्चात छात्रों ने गौरवपूर्ण मार्च-पास्ट कर मुख्य अतिथि को सलामी दी। प्रतियोगिता में नर्सरी से लेकर कक्षा नौवीं तक के छात्र-छात्राओं ने पूरे उत्साह के साथ हिस्सा लिया। मैदान पर आयोजित विभिन्न स्पर्धाओं में छात्रों के बीच कड़ी टक्कर देखने को मिली। जहाँ रस्साकशी में छात्रों ने अपनी सामूहिक शक्ति का परिचय दिया, वहीं लंबी कूद, ऊंची कूद, खो-खो और कबड्डी जैसे खेलों में उनकी फुर्ती और तकनीक का लोहा सबने माना। दौड़ प्रतियोगिताओं में भी धावकों ने मैदान पर अपनी रफ़्तार का जादू बिखेरा। मुख्य अतिथि डॉ. अभिमन्यु सिंह ने विजेताओं और उपविजेताओं को मेडल, प्रमाण पत्र एवं शील्ड प्रदान कर सम्मानित किया। अपने संबोधन में उन्होंने कहा कि खेलों का मुख्य उद्देश्य छात्रों में टीम वर्क, अनुशासन और शारीरिक फिटनेस विकसित करना है। उन्होंने जोर देकर कहा कि खेल केवल मनोरंजन नहीं, बल्कि छात्रों के सर्वांगीण विकास का एक अनिवार्य हिस्सा हैं। विद्यालय के डायरेक्टर रणविजय सिंह ने अतिथियों का स्वागत करते हुए कहा कि यदि मस्तिष्क के विकास का साधन शिक्षा है, तो शरीर के विकास का सर्वोत्तम साधन खेल हैं। खेलों से बच्चों में नेतृत्व की क्षमता और मित्रता का भाव जागृत होता है, जो भविष्य में उन्हें एक बेहतर नागरिक बनाने में सहायक होता है। इस अवसर पर विशिष्ट अतिथि के रूप में बीएचयू वॉलीबॉल टीम की कप्तान नालिनी सिंह, डॉ. पंकज चौधरी, विद्यासागर सिंह और राजकिशोर ग्रुप ऑफ इंस्टीट्यूशन के संरक्षक राम सिंहासन उपस्थित रहे। विद्यालय के शिक्षकों और कर्मचारियों के सहयोग से यह वार्षिकोत्सव सफलतापूर्वक संपन्न हुआ।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button

You cannot copy content of this page