उत्तर प्रदेशगाजीपुरज़मानियाधर्मप्रशासनिक

आगामी त्योहारों के मद्देनजर पीस कमेटी की बैठक

जमानियां। स्थानीय कोतवाली परिसर में गुरुवार को उपजिलाधिकारी ज्योति चौरसिया एवं क्षेत्राधिकारी अनिल कुमार की संयुक्त अध्यक्षता में आगामी त्योहारों के मद्देनजर संभ्रांत नागरिकों और धर्मगुरुओं के साथ पीस कमेटी की बैठक आयोजित की गई। इस बैठक में महाशिवरात्रि, रमजान, होली और ईद जैसे महत्वपूर्ण पर्वों को शांतिपूर्ण, सुरक्षित और पारंपरिक ढंग से संपन्न कराने हेतु विस्तृत रणनीति तैयार की गई।

बैठक के दौरान उपजिलाधिकारी ज्योति चौरसिया और क्षेत्राधिकारी अनिल कुमार ने स्पष्ट किया कि त्योहारों के दौरान किसी भी प्रकार की अव्यवस्था बर्दाश्त नहीं की जाएगी। प्रशासन पूरी तरह से ‘अलर्ट मोड’ पर है। अधिकारियों ने कहा कि आगामी दिनों में एक ओर जहाँ भगवान भोलेनाथ की आस्था का पर्व महाशिवरात्रि मनाया जाएगा, वहीं दूसरी ओर रमजान का पवित्र महीना शुरू होगा। इसके बाद होली का उल्लास और ईद की मिठास घुलेगी। इस संवेदनशील समय में नगर से लेकर ग्रामीण अंचलों तक शांति, भाईचारे और आपसी सद्भाव की परंपरा को कायम रखना सबकी सामूहिक जिम्मेदारी है। बैठक में उपस्थित नगर पालिका परिषद के अधिशासी अधिकारी संतोष कुमार और अन्य विभागीय अधिकारियों को कड़े निर्देश दिए गए। प्रशासन ने मंदिर, मस्जिद, गुरुद्वारों और अन्य धार्मिक स्थलों के आसपास विशेष साफ-सफाई सुनिश्चित करने तथा सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम करने को कहा। साथ ही बिजली विभाग के अधिकारियों को निर्देशित किया गया कि पर्वों के दौरान किसी भी स्थिति में बिजली कटौती न हो, ताकि श्रद्धालुओं और नागरिकों को असुविधा न हो। इस महत्वपूर्ण बैठक में खंड विकास अधिकारी अरविंद यादव, ब्लॉक प्रमुख प्रतिनिधि संतोष कुशवाहा, विजय शंकर राय, सत्येंद्र कुमार, तारकेश्वर वर्मा और अरशद मंसूरी सहित क्षेत्र के अनेक संभ्रांत व्यक्ति और धर्मगुरु शामिल हुए। पुलिस प्रशासन की ओर से कोतवाली प्रभारी निरीक्षक रामसजन नागर, उपनिरीक्षक राजकुमार, भूपेंद्र कुमार, स्टेशन चौकी इंचार्ज अश्वनी प्रताप सिंह, मुकुल मिश्रा, अभय कुमार तिवारी और अनूप कुमार आदि ने सुरक्षा व्यवस्था को लेकर अपनी रूपरेखा साझा की। अंत में, अधिकारियों ने क्षेत्रवासियों से अपील की कि वे अफवाहों पर ध्यान न दें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को दें, ताकि क्षेत्र में शांति और सांप्रदायिक सौहार्द का वातावरण बना रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button

You cannot copy content of this page