उत्तर प्रदेशगाजीपुरशिक्षा

तेरहवीं की जगह श्रद्धांजलि सभा कर दिया सामाजिक संदेश, जरूरतमंदों को बांटे कंबल

नशा व दहेज मुक्त पीडीए समाज बनाने का दिलाया गया संकल्प : सुजीत साइकिल

गाजीपुर। जनपद के ग्रामसभा चौरा में सामाजिक बदलाव की एक नई पहल देखने को मिली, जहां परंपरागत तेरहवीं भोज के स्थान पर श्रद्धांजलि सभा आयोजित कर जरूरतमंद लोगों को कंबल वितरित किए गए। इस पहल के माध्यम से समाज में फैली कुरीतियों को समाप्त करने का संदेश दिया गया।
ग्रामसभा चौरा के पूर्व प्रधान संतोष यादव के प्रयास से भोला यादव ने अपनी माता स्वर्गीय तिलकी देवी की तेरहवीं के स्थान पर श्रद्धांजलि सभा का आयोजन कर समाज को एक सकारात्मक संदेश दिया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि पिछड़ा दलित विकास महासंघ एवं यादव महासभा के जिलाध्यक्ष सुजीत साइकिल तथा मुख्य वक्ता समाजवादी पार्टी के पूर्व जिलाध्यक्ष रामधारी यादव रहे। कार्यक्रम का संयोजन पूर्व प्रधान संतोष यादव ने किया, जबकि मंच संचालन दिवेन्द्र यादव ने किया।
इस अवसर पर जिलाध्यक्ष सुजीत साइकिल ने उपस्थित लोगों को नशा और दहेज मुक्त पीडीए समाज बनाने का संकल्प दिलाया। उन्होंने कहा कि समाज में फैली कुरीतियों को जड़ से समाप्त कर ही भाईचारा और विकास का रास्ता मजबूत किया जा सकता है।
मुख्य वक्ता रामधारी यादव ने अपने संबोधन में कहा कि समाज में समय-समय पर कई कुरीतियों को समाप्त किया गया है, जैसे बाल विवाह और सती प्रथा। अब समय आ गया है कि तेरहवीं भोज जैसी परंपराओं को भी समाप्त करने की दिशा में समाज मिलकर प्रयास करे। उन्होंने लोगों से अपने बच्चों को अच्छी शिक्षा दिलाने और उन्हें प्रशासनिक सेवाओं में आगे बढ़ाने का आह्वान किया।
उन्होंने सुजीत साइकिल के सामाजिक प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि समाज में सकारात्मक बदलाव लाने के लिए ऐसे प्रयासों का सभी को समर्थन करना चाहिए।
कार्यक्रम के दौरान जरूरतमंद लोगों को कंबल वितरित कर दिवंगत आत्मा को श्रद्धांजलि अर्पित की गई। ग्रामीणों ने भविष्य में भी इस तरह के सामाजिक कार्यों को आगे बढ़ाने का संकल्प लिया।
इस अवसर पर देवकली ब्लॉक प्रमुख प्रतिनिधि सच्चे लाल यादव, सपा के जिला सचिव रमेश यादव, शिक्षक सभा के जिलाध्यक्ष भानू यादव, सपा नेता रामनगीना यादव, रविंद्र कुशवाहा सहित सैकड़ों ग्रामीण उपस्थित रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button

You cannot copy content of this page