
गाजीपुर। मकर संक्रांति के पावन पर्व पर सादात क्षेत्र के देवापार ग्राम सभा स्थित प्राथमिक विद्यालय के समीप भगवान शंकर के मंदिर परिसर में इंसानियत की गर्माहट साफ दिखाई दी। पूर्व प्रधान एवं समाजसेवी जितेन्द्र नाथ पाण्डेय ने ठंड से जूझ रहे जरूरतमंदों के लिए आगे बढ़ते हुए प्रत्येक वर्ष की भांति इस वर्ष भी साढ़े तीन सौ कंबलों का वितरण कर जनसेवा का सशक्त संदेश दिया।
कार्यक्रम के दौरान श्री पाण्डेय ने दो टूक कहा कि कंबल वितरण का कार्यक्रम यह पच्चीस वर्षों से करता चला आ रहा हूं उन्होंने कहा कि जब तक सांस रहेगी तब तक इस कंबल वितरण का कार्यक्रम करता रहूंगा।जनसेवा ही मेरा एकमात्र लक्ष्य है और जब तक समाज का अंतिम व्यक्ति सुरक्षित नहीं होगा, तब तक सेवा का यह सिलसिला जारी रहेगा। ठिठुरती ठंड में कंबल पाकर जरूरतमंदों के चेहरों पर राहत और संतोष साफ झलका। बिना किसी दिखावे के, सादगी और सेवा भाव के साथ हुए इस आयोजन की ग्राम सभा के साथ – साथ क्षेत्र में व्यापक सराहना हो रही है। ग्रामीणों का कहना है कि ऐसे कार्य ही समाज को जोड़ते हैं और दूसरों के लिए प्रेरणा बनते हैं।
इस अवसर पर पूर्व ब्लाक प्रमुख सादात धर्मदेव यादव, समाजसेवी देवराज सिंह ठाकुर, समाजसेवी राजेश सिंह, समाजसेवी अखिलेश सिंह मंशू, ग्राम प्रधान उत्कर्ष पाण्डेय, पूर्व ग्राम प्रधान दया यादव, क्षेत्र पंचायत सदस्य विनोद यादव आदि मौजूद रहे। कार्यक्रम की अध्यक्षता सुदर्शन पांडेय ने किया।




