
जमानिया। स्थानीय तहसील प्रांगण में अवस्थापना सुविधाओं को सुदृढ़ करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम उठाया गया। सोमवार कि सुबह 11 बजे तहसील परिसर में नए सभागार कक्ष (मीटिंग हॉल) के निर्माण कार्य का विधिवत शुभारंभ हुआ। इस अवसर पर उपजिलाधिकारी और तहसीलदार ने संयुक्त रूप से भूमि पूजन की रस्म पूरी की।
आयोजित अनुष्ठान और भूमि पूजन के दौरान अधिकारियों ने निर्माण कार्य के लिए नींव रखी। इस नए मीटिंग हॉल के बन जाने से तहसील स्तर पर आयोजित होने वाली बैठकों, सरकारी आयोजनों और जनसुनवाई के कार्यक्रमों के लिए एक व्यवस्थित स्थान उपलब्ध हो सकेगा। लंबे समय से तहसील परिसर में एक आधुनिक और बड़े सभागार की आवश्यकता महसूस की जा रही थी, जिसे ध्यान में रखते हुए इस परियोजना को अमलीजामा पहनाया गया है। भूमि पूजन के पश्चात उपजिलाधिकारी ज्योति चौरसिया ने कार्यदाई संस्था को गुणवत्तापूर्ण निर्माण और समयबद्ध तरीके से कार्य पूर्ण करने के निर्देश दिए। इस दौरान तहसील प्रशासन के अन्य कर्मचारी और स्थानीय लोग भी उपस्थित रहे। नए मीटिंग हॉल के निर्माण की खबर से तहसील कर्मियों और अधिवक्ताओं में हर्ष का माहौल है, क्योंकि इससे प्रशासनिक कार्यों के संचालन में अधिक सुगमता आएगी।



