जमानिया। दीपावली पर्व के मद्देनज़र अस्थाई पटाखों की दुकानों की स्थापना हेतु प्रशासन द्वारा विशेष व्यवस्था की गई है। इस वर्ष जमानिया क्षेत्र में अस्थाई पटाखों का बाजार 18 अक्टूबर से 20 अक्टूबर 2025 तक हेतिमपुर विद्यालय मैदान में लगाया जाएगा। बाजार प्रतिदिन सुबह से सायं 6:00 बजे तक संचालित होगा।
उपजिलाधिकारी ज्योति चौरसिया ने जानकारी देते हुए बताया कि सुरक्षा की दृष्टि से इस वर्ष सभी पटाखा दुकानदारों को केवल हेतिमपुर विद्यालय मैदान परिसर में ही दुकान लगाने की अनुमति दी जाएगी। किसी भी दुकानदार को अन्य स्थानों पर पटाखे बेचने या भंडारण करने की अनुमति नहीं होगी। उन्होंने कहा कि क्षेत्रीय राजस्व, पुलिस और अग्निशमन विभाग के सहयोग से लगातार निरीक्षण किया जाएगा ताकि सुरक्षा मानकों का पूर्ण पालन सुनिश्चित हो सके। एसडीएम ने बताया कि अस्थाई लाइसेंस प्राप्त दुकानदारों को निर्धारित दिशा-निर्देशों के अनुसार ही पटाखों की बिक्री करनी होगी। उन्होंने कहा कि दुकानों में केवल मानक एवं अनुमोदित पटाखों की ही बिक्री की जाएगी। किसी भी स्थिति में अवैध, अत्यधिक विस्फोटक या बिना अनुमति वाले पटाखों की बिक्री नहीं की जाएगी। दुकानों में रेत भरी बाल्टी, अग्निशमन यंत्र और पानी की व्यवस्था अनिवार्य होगी। दुकान के आसपास धूम्रपान, खुली आग या रसोई गैस सिलेंडर का उपयोग पूर्णतः प्रतिबंधित रहेगा। उन्होंने स्पष्ट किया कि जो दुकानदार नियमों का उल्लंघन करेगा, उसकी अस्थाई अनुमति तुरंत निरस्त कर दी जाएगी और विधिक कार्रवाई भी की जाएगी। इस अवसर पर क्षेत्राधिकारी अनिल कुमार, तहसीलदार रामनारायण वर्मा, राजस्व निरीक्षक एवं स्थानीय पुलिस टीम मौजूद रही। अधिकारियों ने स्थल का निरीक्षण कर सुरक्षा व्यवस्था एवं दुकान लगाने की रूपरेखा तैयार की। प्रशासन ने नागरिकों से अपील की है कि वे सुरक्षित एवं प्रदूषण रहित दीपावली मनाएं और छोटे बच्चों को पटाखे जलाने के समय अभिभावक की देखरेख में रखें। साथ ही पटाखों का उपयोग खुले स्थानों पर करें ताकि किसी भी प्रकार की दुर्घटना से बचा जा सके।




