जरूरतमंदों को दही-चूड़ा खिलाकर सपा नेताओं ने मनाया मकर संक्रान्ति का पर्व, बांटा गया कम्बल



गाजीपुर। सेवराई तहसील क्षेत्र के सेवराई ग्राम स्थित ब्लाक संसाधन केन्द्र व जूनियर हाईस्कूल के प्रांगण में गुरुवार को दलगत सीमाओं को तोड़ते हुए प्रत्येक वर्ष की भांति जमानियाँ विधायक व पूर्व मंत्री ओमप्रकाश सिंह ने विधानसभा क्षेत्र के हज़ारों असहाय, शोषित व गुरबत में जीवन यापन करने वाले जरूरतमंद लोगों को अपने हाथों से दही-चूड़ा व खिचड़ी खिलाकर सम्मान पूर्वक कम्बल का वितरण कर मकर संक्रान्ति का पावन पर्व मनाया। इस दौरान आयोजित फ्री मेडिकल कैम्प के द्वारा कमजोर व बीमार लोगों का स्वास्थ्य परीक्षण करवाने के उपरान्त दवा का वितरण करवाकर सभी के बेहतर स्वास्थ की कामना की व साथ ही मैनपुरी से सपा के लोकसभा सांसद डिंपल यादव के 48 वां जन्मदिन केक काट कर उत्साहपूर्वक मनाया गया।
कार्यक्रम का शुभारम्भ समाजवादी विचारधारा के महापुरुषों के तैल चित्र पर माल्यार्पण कर लाल-हरे रंग से सुसज्जित गुब्बारा व पतंग को उड़ाया कर किया गया।
ज्ञात हो कि विधायक व पूर्व मंत्री ओमप्रकाश सिंह विगत 36 वर्षो से मकर संक्रान्ति का पर्व बनवासी समाज के असहाय व गुरबत में जीवन यापन करने वाले लोगों का स्वास्थ्य परीक्षण के उपरान्त दही, चुरा व खिचड़ी खिलाकर कम्बल का वितरण कर मनाते है। कार्यक्रम में मौजूद सभी आमंत्रित अतिथियों व चिकित्सकों तथा स्वास्थ्यकर्मियों को बुके व अंगवस्त्रम् देकर सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि सांसद अफजाल अंसारी ने कहा कि समाज को एक सूत्र में पीरों कर पूरे मनोयोग से सेवा भाव करना ही असली समाजवाद है, जो आज इस पावन पर्व पर परिलक्षित हो रहा है। समाज के शोषित, कमजोर व जरूरत मंद व्यक्ति के आँखों से दुःख रूपी आंसू को पोछना ही दुनिया का सबसे पुण्य कर्म है। ऐसे लोगों की दुआएं ही प्रगति का मार्ग प्रशस्त करती है।
विधायक ओमप्रकाश सिंह ने कहा कि समाजवाद वह परिवार है जिसमें प्रत्येक तरह के फूल खिलते है। समाज के प्रत्येक वर्ग के जीवन को बेहतर बनना ही असली समाजवाद है। जब तक गरीब रहेगे तब तक समाजवादी उनकी सेवा करने के लिए अगले कतार में खड़े रहेंगे। समाजवाद का गरीब से आत्मिय रिश्ता है। शुद्ध मन से जरूरतमंदों की सेवा करने से रिश्ता दिल से मजबूत होता है। बनवासी समाज व असहाय लोगों का न कोई सपना है और न ही कोई अपना है। ऐसे लोग समाज की मुख्यधारा से कोसों दूर है। आभाव के कारण ये लोग त्योहार भी ठीक ढंग से नहीं मना पाते है। ऐसे लोगों के चेहरे पर मुस्कान तभी आ सकता है जब समाज के प्रहरी अपने कर्त्तव्य का निर्वहन ठीक ढंग से करेगें। असहाय, गरीब, निर्धन, जरूरतमंद की सेवा करने से ही पुण्य लाभ अर्जित हो सकता है। आज गरीब, किसान व मध्यमवर्ग हताश और उदास है। महंगाई चरम पर पहुँच गई है। ऐसे में समाज के प्रत्येक वर्ग के लोगों में भाई-चारा, समरसता, उदारता स्थापित करना होगा, तभी स्वस्थ समाज का निर्माण हो सकता है। समाज के अन्तिम छोर के व्यक्ति को सम्मान के साथ एक टाट पर भोजन कराने से ही समाजिक समरसता की स्थापना हो सकती है तथा हताश चेहरे पर मुस्कान आ सकती है। वही उन्होंने आह्वान किया कि समाज के प्रत्येक समर्थवान लोगों को जरूरतमंद लोगों की सेवा करना चाहिए, ताकि उनका जीवन खुशहाल हो सके। जरूरतमंदों के इस महाकुम्भ में सभी लोग प्रसन्न होकर त्योहार मनाये, यही समाजवादियों की कामना है।
इस दौरान स्वास्थ्य कैम्प में पॉपुलर हास्पिटल वाराणसी, सिंह हास्पिटल व आशा आश्वी हास्पिटल दिलदारनगर, सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र भदौरा के वरिष्ठ चिकित्सक ने सैकड़ो कमजोर व बीमार लोगों का स्वास्थ्य परीक्षण कर दवा का वितरण किया।
उक्त अवसर पर महिला सभा की राष्ट्रीय अध्यक्ष जूही सिंह, सपा जिलाध्यक्ष गोपाल यादव, जंगीपुर विधायक विरेन्द्र यादव, मुहम्मदाबाद विधायक मन्नू अंसारी, राष्ट्रीय महिला सचिव सौर्या सिंह, पूर्व सपा जिलाध्यक्ष रामधारी यादव, महिला सभा जिलाध्यक्ष विभा पाल, पूर्व विधायक खुर्शीद अहमद, जमानियाँ ब्लाक प्रमुख प्रतिनिधि संतोष कुशवाहा, पूर्व प्रधान गहमर दुर्गा चौरसिया, राहुल राज सिंह, रितेश सिंह, नसन खाँ, विधानसभा उपाध्यक्ष प्रमोद यादव, अशोक सिह, अनिल यादव, गिरीश राय, बबलू दुबे, संतोष सिंह, तौकीर खाँ, सोनू राय, विक्की सिंह, गप्पक सिंह, रिशु यादव, विकास सिंह, कामरान खां, आदि लोग उपस्थित रहे। कार्यक्रम की अध्यक्षता सपा विधान सभा अध्यक्ष अनिल यादव व संचालन विधायक प्रतिनिधि मन्नू सिंह ने किया।




