
जमानिया। कोतवाली क्षेत्र के ग्राम देवरिया में एक विवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। मृतका के भाई हर्ष कुमार निवासी ग्राम सरसौल, थाना चौबेपुर, जनपद वाराणसी ने ससुराल पक्ष पर गंभीर आरोप लगाते हुए थाने में बुधवार को तहरीर दी है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, हर्ष कुमार की बहन चांदनी की शादी वर्ष 2014 में ग्राम देवरिया निवासी जितेन्द्र कुमार पुत्र स्व. श्यामलाल के साथ हुई थी। शादी के बाद कुछ वर्षों तक सब कुछ सामान्य रहा और दंपत्ति के तीन बच्चे – सोनाक्षी, सृष्टि और श्रेयांश – भी हैं। हर्ष कुमार ने बताया कि पिछले छह माह से उसकी बहन को उसके ससुराल वाले विभिन्न बातों को लेकर मानसिक रूप से प्रताड़ित कर रहे थे। एक माह पूर्व उसका मोबाइल भी छीन लिया गया था। 14 मई 2025 को मृतका के देवर पिन्टू कुमार ने हर्ष कुमार को फोन कर बताया कि चांदनी छत से गिर गई है। हर्ष कुमार जब तत्काल अपने परिवार के साथ बहन के ससुराल पहुंचे तो देखा कि चांदनी का शव घर के अंदर पड़ा हुआ था और ससुराल के सभी सदस्य मौके से गायब थे।हर्ष कुमार ने थाना में तहरीर देकर आरोप लगाया कि उसकी बहन को प्रताड़ित कर आत्महत्या के लिए मजबूर किया गया। थाना प्रभारी प्रमोद कुमार सिंह ने बताया कि तहरीर के आधार पर संबंधित धाराओं में सास राधिका देवी, जेठ सुरेश भारती, पति जितेन्द्र कुमार, देवर पिन्टू कुमार और एक अज्ञात देवरानी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और आगे की कार्रवाई की जा रही है।