
जमानिया। क्षेत्र के हेतिमपुर गांव में शनिवार को आयोजित कार्यक्रम में अपर जिलाधिकारी द्वारा 60 एन्यूमरेशन फॉर्म का वितरण किया गया। फॉर्म मिलने के बाद ग्रामीणों में उत्साह देखा गया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए उपजिलाधिकारी ज्योति चौरसिया ने कहा कि भारत निर्वाचन आयोग के निर्देश के क्रम में एन्यूमरेशन फॉर्म वितरण किया जा रहा है। इसका उद्देश्य सरकारी योजनाओं का लाभ सही पात्रों तक पहुंचाना है तथा बोगस मतदाताओं का नाम हटाना है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि फॉर्म भरने की प्रक्रिया में किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए और पात्रता के अनुसार लाभार्थियों का सत्यापन सुनिश्चित किया जाए। वहीं तहसीलदार रामनारायण वर्मा ने कहा कि राजस्व टीम द्वारा गांव में घर–घर जाकर जरूरी जानकारी एकत्र की जाएगी। सभी लेखपालों और राजस्व कर्मियों को यह सुनिश्चित करना है कि किसी भी पात्र व्यक्ति का नाम छूटने न पाए। इस अवसर पर नायब तहसीलदार अवनीश कुमार सहित राजस्व विभाग के अन्य कर्मचारी मौजूद रहे। कार्यक्रम शांतिपूर्ण माहौल में सम्पन्न हुआ।




