
जमानियां। स्थानीय पुलिस ने बिहार की ओर वध के लिए ले जाए जा रहे गोवंशों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए दो शातिर तस्करों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उनके कब्जे से दो पिकअप वाहन जब्त किए हैं और क्रूरतापूर्वक बांधकर ले जाए जा रहे तीन गोवंशों को मुक्त कराया है।
घटना रविवार, 15 मार्च 2026 की है। उपनिरीक्षक अश्वनी प्रताप सिंह और अभईपुर चौकी प्रभारी अजय भारती की संयुक्त टीम बरूईन तिराहे पर चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि चंदौली के धानापुर क्षेत्र से दो वाहन नहर के रास्ते बिहार की ओर जा रहे हैं, जिनमें गोवंश लदे हैं। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने इंडियन ऑयल पेट्रोल पंप के पास बरूईन नहर मार्ग पर पेड़ों की आड़ में घेराबंदी की। थोड़ी देर बाद दो पिकअप वाहन आते दिखे। पुलिस ने घेराबंदी कर दोनों वाहनों को रोक लिया। पूछताछ में पहले वाहन के चालक ने अपना नाम राकेश कुमार (निवासी करजरा, चंदौली) और दूसरे ने सुनील कुमार उर्फ रामभजन राम (निवासी अहिकौरा, चंदौली) बताया। जांच में पाया गया कि राकेश अपने बिना नंबर के पिकअप (टाटा मैजिक) से आगे-आगे चलकर पुलिस की लोकेशन दे रहा था, जबकि सुनील के वाहन (टाटा इंट्रा) में गोवंश लदे थे। वाहन की तलाशी लेने पर पिकअप के भीतर तीन गोवंशों (दो गाय और एक बछड़ा) को बेहद क्रूरता से बांधा गया था। सांस लेने की जगह न होने के कारण जानवर हाफ रहे थे और उनके मुंह से झाग निकल रहा था। पुलिस ने तुरंत उन्हें वाहन से उतारकर चारा-पानी की व्यवस्था की। पकड़े गए तस्करों ने कबूल किया कि वे हर दूसरे-तीसरे दिन गोवंशों को बिहार वध हेतु ले जाते हैं। उन्होंने बताया कि इस काले कारोबार के मुख्य सरगना संजय (निवासी कमालपुर सिसौड़ा, चंदौली) और अजीत (निवासी कवयी पहाड़पुर, चंदौली) हैं, जो जानवरों को वाहनों में लदवाकर आगे भेजते हैं। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ गोवध निवारण अधिनियम और पशु क्रूरता अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर उन्हें जेल भेज दिया है। फरार आरोपियों (संजय और अजीत) की तलाश जारी है। इस संबंध में प्रभारी निरीक्षक रामसजन नागर ने बताया कि मुखबिर की सूचना के आधार पर दो पिकअप वाहन एवं दो अभियुक्तों को गिरफ्तार किया गया है। अभियोग पंजीकृत कर विधिक कार्रवाई की जा रही है। उन्होंने बताया कि गिरफ्तार करने वाली टीम में मुख्य रूप से उ.नि. अश्वनी प्रताप सिंह, उ.नि. अजय भारती, हे.का. गोवर्धन यादव, हे.का. सुशील कुमार, का. अभिजीत सावन और का. विकास सरोज शामिल रहे।



