
जमानिया। क्षेत्र के बूढ़ाडीह गांव में सफाई व्यवस्था पूरी तरह चरमरा गई है। सफाईकर्मियों के गांव में दर्शन न देने से आक्रोशित ग्रामीणों ने सोमवार को विरोध जताने का अनूठा तरीका अपनाया और खुद ही गांव की गलियों व नालियों की सफाई शुरू कर दी। विशेषकर हरिजन बस्ती में बजबजाती नालियों की गंदगी से उठती दुर्गंध और बीमारी के खतरे को देखते हुए ग्रामीणों ने श्रमदान कर नालियों को साफ किया।
ग्रामीण संतोष कुमार श्याम नारायण नथुनी राम गुड्डू कुमार बाबूलाल रवि कुमार मिथिलेश कुमार द्वारिका राम आदि ने बताया कि गांव में लंबे समय से कोई सफाईकर्मी नहीं आया है। नालियां गंदगी से पट गई हैं और सड़कों पर कूड़ा पसरा रहता है। उन्होंने कहा कि अधिकारियों से शिकायत के बाद भी कोई सुधार नहीं हुआ, जिसके चलते उन्होंने फैसला किया कि वे स्वयं ही सफाई करेंगे ताकि परिवार और बच्चों को संक्रामक बीमारियों से बचाया जा सके। इस संबंध में ग्राम पंचायत अधिकारी उमेंद्र प्रताप सिंह ने बताया कि कागजों पर गांव में दो सफाई कर्मियों की तैनाती है, जिन्हें नियमित सफाई के निर्देश हैं। उन्होंने स्वीकार किया कि ग्रामीणों के माध्यम से सफाई न होने की शिकायत मिली है। उन्होंने आश्वासन दिया कि इस मामले की गंभीरता से जांच की जाएगी और कार्य में लापरवाही बरतने वाले सफाई कर्मियों के खिलाफ सख्त विभागीय कार्रवाई की जाएगी। ग्रामीणों के इस कदम ने जहां एक ओर प्रशासन की पोल खोल दी है, वहीं दूसरी ओर स्वच्छता के प्रति उनकी जागरूकता क्षेत्र में चर्चा का विषय बनी हुई है।



