पुल की खस्ता हालत और ओवरलोड वाहनों से हो रहे हादसों को लेकर ग्रामीणों ने सौंपा पत्रक

जमानिया। क्षेत्र के हेतिमपुर गांव में स्थित जमानियां–धरम्मरपुर पक्का पुल की खस्ताहाल स्थिति और लगातार हो रहे हादसों से आक्रोशित ग्रामीणों ने गुरुवार को एसडीएम ज्योति चौरसिया को जिलाधिकारी के नाम ज्ञापन सौंपा। ग्रामीणों ने मांग की कि पुल पर तत्काल बैरिकेडिंग लगाकर ओवरलोड और भारी वाहनों की आवाजाही पर पूरी तरह रोक लगाई जाए, साथ ही जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाए।
करंडा क्षेत्र के ग्रामीणों ने बताया कि बुधवार को तेज रफ्तार ओवरलोड ट्रक की चपेट में आकर करंडा थाना क्षेत्र के लीलापुर गांव निवासी एक मासूम बालक लक्की की दर्दनाक मौत हो गई। ग्रामीणों का आरोप है कि पुल पर रोजाना सैकड़ों ओवरलोड बालू लदे ट्रक बिना किसी रोक टोक के गुजर रहे हैं, और यह सब जमानियां कोतवाली व करंडा थाना की मिलीभगत से हो रहा है। उन्होंने बताया कि पुल की हालत इतनी खराब हो चुकी है कि लोहे की सरिए बाहर आ चुकी हैं, जिससे स्कूली बच्चों, राहगीरों और दोपहिया चालकों की जान हर दिन खतरे में पड़ रही है। जिसके बाद उपजिलाधिकारी को ज्ञापन सौंपा गया। एसडीएम ज्योति चौरसिया ने मामले को गंभीरता से लेते हुए दो दिन के भीतर कार्रवाई का आश्वासन दिया है। ज्ञापन सौंपने वालों में पंचायत सदस्य पंकज यादव, ग्राम प्रधान मनोज यादव, हरिकेश यादव, अनिल मास्टर, रामाशीष यादव, भूपेंद्र नाथ भास्कर, मैनेजर कुमार, सर्वजीत निषाद, चौधरी मुकेश, विनोद सिंह, साबिर हुसैन, सोनू यादव, राजकुमार, लालचंद यादव और अभिषेक आज़ाद समेत दर्जनों ग्रामीण मौजूद रहे।




