
गाज़ीपुर। जिले में आयोजित हो रही एलटी ग्रेड शिक्षक भर्ती परीक्षा को शुचितापूर्ण, पारदर्शी और नकल विहीन संपन्न कराने के लिए प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद है। इसी क्रम में आज जिलाधिकारी और पुलिस अधीक्षक गाज़ीपुर द्वारा जनपद के विभिन्न परीक्षा केंद्रों का सघन निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान आदर्श इंटर कॉलेज सहित कई अन्य केंद्रों का जायजा लिया। महोदय द्वारा परीक्षा केंद्र पर लगे सीसीटीवी कैमरों (CCTV), कंट्रोल रूम और सुरक्षा व्यवस्थाओं की बारीकी से जांच की। उन्होंने केंद्र व्यवस्थापकों को कड़े निर्देश दिए कि परीक्षा के दौरान किसी भी प्रकार की शिथिलता बर्दाश्त नहीं की जाएगी और शासन द्वारा निर्धारित गाइडलाइंस का पूरी तरह पालन किया जाए। उन्होने सुरक्षा व्यवस्था का आकलन करते हुए केंद्रों पर तैनात पुलिस बल को सतर्क रहने और संदिग्ध गतिविधियों पर पैनी नजर रखने के निर्देश दिए। प्रशासन का मुख्य उद्देश्य अभ्यर्थियों को एक निष्पक्ष वातावरण प्रदान करना और परीक्षा की गरिमा बनाए रखना है। निरीक्षण के दौरान प्रशासनिक और पुलिस विभाग के अन्य वरिष्ठ अधिकारी भी उपस्थित रहे।




