
गाजीपुर। विरनो थाना क्षेत्र अंतर्गत नसीरपुर डाड़ी गांव निवासी एक पैरामेडिकल कॉलेज के छात्र की संदिग्ध परिस्थितियों में छत से गिरकर मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया और गांव में शोक की लहर दौड़ गई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार नसीरपुर डाड़ी निवासी विपुल यादव (उम्र लगभग 22 वर्ष), पुत्र जयप्रकाश यादव, मरदह क्षेत्र स्थित मां सरस्वती पैरामेडिकल कॉलेज महेगवा मरदह में बीफार्मा का छात्र था। बताया जा रहा है कि वह कॉलेज की छत से संदिग्ध परिस्थितियों में नीचे गिर गया। छत से गिरने की तेज आवाज सुनकर नीचे बैठे अन्य छात्र मौके पर पहुंचे और उसे उठाकर आनन-फानन में नजदीकी अस्पताल ले गए, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।मृतक दो भाइयों में बड़ा था। छोटा भाई इंटरमीडिएट का छात्र है। परिवार मजदूरी कर जीवन यापन करता है। बेटे की अचानक मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। घटना के बाद गांव में मातम पसरा हुआ है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
सूचना मिलते ही मरदह थानाध्यक्ष तारावती एवं बिरनो थानाध्यक्ष अजय कुमार मौके पर पहुंचे। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। इस संबंध में मरदह थानाध्यक्ष तारावती ने बताया कि अभी तक परिवार की ओर से कोई तहरीर नहीं दी गई है। तहरीर मिलने पर विधिक कार्रवाई की जाएगी। पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।


