Uncategorizedउत्तर प्रदेशगाजीपुरज़मानियाप्रशासनिक

तहसीलदार ने मतदेय स्थलों का किया स्थलीय निरीक्षण

जमानिया। भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान के अंतर्गत रविवार को तहसीलदार राम नारायण वर्मा ने विधानसभा जमानियां के विभिन्न बूथों का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने जीवपुर, मतसा, ढढनी भानमल राय और सबलपुर जैसे कई मतदान केंद्रों पर पहुंचकर बीएलओ के कार्यों की समीक्षा की और उन्हें बेहतर कार्य के लिए प्रोत्साहित किया।
निरीक्षण के दौरान तहसीलदार ने स्पष्ट निर्देश दिया कि अधिक से अधिक फॉर्म 6, 7 और 8 भरवाए जाएं। उन्होंने कहा कि फॉर्म 6 के साथ मतदाता का मोबाइल नंबर और आधार कार्ड लेना अनिवार्य है, साथ ही आवेदन फॉर्म में मोबाइल नंबर की प्रविष्टि सुनिश्चित की जाए। इसके अतिरिक्त उन्होंने मतदाता सूची में खराब या गलत फोटो को तत्काल सही करने के निर्देश दिए। महिलाओं के पंजीकरण के संबंध में उन्होंने विशेष निर्देश देते हुए कहा कि ऐसी महिलाएं जिनकी आयु 25 वर्ष से अधिक है और उनके नाम के आगे पिता का नाम अंकित है, उनकी जांच की जाए कि कहीं उनकी शादी तो नहीं हो गई है, ताकि सूची को अपडेट किया जा सके। तहसीलदार ने बीएलओ को सौंपी गई एएसडीडी (ASDD) सूची का मिलान मुख्य मतदाता सूची से करने को भी कहा ताकि मृत, स्थानांतरित या दोहराए गए नामों को हटाया जा सके। उन्होंने बताया कि निर्वाचन आयोग द्वारा 12 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों में शुरू किया गया यह विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान मतदाता सूची को शुद्ध और पारदर्शी बनाने के लिए है। बीएलओ द्वारा घर-घर जाकर फॉर्म वितरित किए जा चुके हैं और भारत निर्वाचन आयोग की ओर से ऑनलाइन आवेदन का विकल्प भी खुला है। अभियान के दौरान तहसीलदार ने मतदाताओं के बीच व्याप्त भ्रांतियों को भी दूर किया। उन्होंने कहा कि अक्सर मतदाताओं के मन में यह डर रहता है कि उनका नाम जानबूझकर हटाया गया है, लेकिन जब मतदाताओं ने स्वयं एसआईआर (SIR) फॉर्म और सूची का अवलोकन किया तो वे पूरी तरह संतुष्ट नजर आए। वर्तमान में सभी बीएलओ निर्धारित समय तक अपने-अपने बूथों पर उपस्थित रहकर मतदाताओं को जागरूक कर रहे हैं और उन्हें सूची का अवलोकन करा रहे हैं।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button

You cannot copy content of this page