वैवाहिक कलह में युवक ने खाया जहर, मौत,परिजनों ने जताई हत्या की आशंका

जमानियां। कोतवाली क्षेत्र के मनझरिया गांव में वैवाहिक कलह से परेशान एक युवक ने जहरीला पदार्थ खा लिया। उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। घटना के संबंध में युवक की मां दिलवासी देवी की तहरीर पर पांच लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, मनझरिया गांव निवासी जंगबहादुर यादव (29) पुत्र स्व. बृजनाथ यादव की शादी वर्ष 2020 में चंदा देवी निवासी पाह सैयदराजा (थाना जमानियां) के साथ हुई थी। शादी के बाद से पति-पत्नी के बीच संबंध मधुर नहीं चल रहे थे, जिसको लेकर कई बार पंचायत भी हो चुकी थी। गत 17 अगस्त को मनझरिया गांव में पंचायत के दौरान दोनों पक्षों के बीच अलग होने की बात हो रही थी। इस दौरान उपस्थित लोगों की बातों से व्यथित होकर जंगबहादुर यादव ने कोई जहरीला पदार्थ खा लिया। परिजनों और ग्रामीणों ने उसे तत्काल पीएचसी जमानियां पहुंचाया, जहां से डॉक्टरों ने जिला अस्पताल गाजीपुर रेफर कर दिया। इलाज के दौरान जंगबहादुर की मौत हो गई। सूचना पर पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मृतक की मां दिलवासी देवी की तहरीर पर पांच लोगों के विरुद्ध मुकदमा दर्ज किया गया है। कोतवाली प्रभारी निरीक्षक ने बताया कि मामले की जांच कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। शव को पीएम के लिए भेज दिया गया है।




