बालू माफियाओं के आगे पुलिस नतमस्तक: रात्रि में पुल पर ओवरलोड ट्रैक्टर-बोगा धड़ल्ले से संचालित,

गाजीपुर। सैदपुर कोतवाली थाना क्षेत्र के रामकरन सेतु पक्का पुल पर रात्रि में लाल बालू लदे ओवरलोड ट्रैक्टर-बोगा पुलिस की नाक के नीचे खुलेआम दौड़ रहे हैं। यह धड़ल्ले से हो रहे अवैध परिवहन का वीडियो इंटरनेट मीडिया पर वायरल हो चुका है। जिसकी शिकायत पुलिस सतर्क मित्र व्हाट्सएप चैटबॉट और ट्विटर (एक्स) हैंडल पर की गई है। जिसकी रिपोर्ट ID: #GZP-2026- 031 है। शिकायत में आरोप लगाया गया है कि रात्रि में यह अवैध गतिविधि किसके आदेश पर हो रही है। सेतु की स्थिति को देखते हुए प्रशासन ने भारी वाहनों का आवागमन पूरी तरह प्रतिबंधित किया है। बावजूद इसके नियमों को ताक पर रखते हुए तिरपाल से ढके ओवरलोड बालू लदे ट्रैक्टर बोगा रात्रि में धड़ल्ले से दौड़ रहे हैं। क्षेत्राधिकारी सैदपुर रामकृष्ण तिवारी को जांच कर आवश्यक कार्रवाई करने के लिए गाजीपुर पुलिस द्वारा निर्देशित किया गया है। ऐसे में बालू लदे भारी वाहनों की आवाजाही से सेतु के क्षतिग्रस्त होने की आशंका बढ़ रही है। यह स्थिति गंभीर सवाल खड़े करती है कि क्या सैदपुर पुलिस बालू माफियाओं के आगे नतमस्तक हो चुकी है, और आम जनता तथा सड़क सुरक्षा की अनदेखी कर रही है। अब देखना यह है कि मामले में उच्चाधिकारी किस तरह की कार्रवाई करते हैं।




