
जमानियां( गाजीपुर)। स्थानीय स्टेशन बाजार जाम की समस्या से कराह रहा है, सड़क पर दुकानदारों द्वारा किये गये अतिक्रमण, बेतरतिब खड़े ठेले, सड़क पर लगी सब्जी की दुकान व नपा द्वारा बनी आधी अधूरी सड़क वाहनों को रेंगने के लिए मजबूर कर दिये है। बस स्टैण्ड से रेंगते वाहनों को सब्जी मण्डी होते हुए रेलवे स्टेशन तक पहुंचने में घंटा भर का समय लग जाता है, जो रेल यात्रियों पर भारी पड़ रहा है। रेलवे स्टेशन से गांधी चौक होते हुए बस स्टैण्ड तक प्रतिदिन सुबह से लेकर शाम तक जाम के झाम से लोगों को दो चार होना पड़ता है। जाम से निजात दिलाने के लिए नगर पालिका परिषद कोई ठोस कदम नहीं उठा रही है, वही गांधी चौक में पुलिस की गैर मौजूदगी जाम को बल प्रदान कर रही है।
रोज़ाना लगने वाले जाम रेल यात्रियों के लिए परेशानी का कारण बना हुआ। सड़क पर वाहनों की लंबी कतार से निकलने में घंटे मसक्कत करनी पड़ती है, जिससे यात्रियों की ट्रेन तक छूट जाती है।
दुकानदार विजय कुमार, राजेश कुमार और सोनू का कहना है कि जाम की यह स्थिति दिन पर दिन बढ़ती जा रही है। सब्जी मण्डी में एक लेन में बनी आधी-अधूरी सीसी सड़क जाम की समस्या को बढ़ा रही है। वही नपा प्रशासन द्वारा नो इन्ट्री न लगने के कारण बीच सड़क पर वाहन खड़े कर लोडिंग व अनलोडिंग का कार्य किया जाता है। ई-रिक्शा, टेम्पो और निजी वाहनों की अव्यवस्थित पार्किंग भी बड़ी समस्या बनी हुई है। जिससे सड़क अक्सर जाम रहती है और आवागमन बाधित हो जाता है। बार-बार शिकायत के बावजूद प्रशासन या संबंधित अधिकारी इस ओर ध्यान नहीं दे रहे हैं। लोगों ने मांग किया कि जल्द से जल्द यातायात व्यवस्था और पार्किंग की सुविधा सुनिश्चित की जाए, ताकि यात्रियों और राहगीरों, को राहत मिल सके और बाजार का आवागमन सुचारू रूप से हो सके।



