
जमानिया। कोतवाली क्षेत्र के कटहरा गांव में रविवार की रात मामूली बात को लेकर एक युवक की बेरहमी से पिटाई कर दी गई। आरोप है कि पीड़ित द्वारा टोका-टाकी करने पर गांव के ही कुछ युवकों ने उस पर हमला कर दिया और उसे जान से मारने की धमकी दी। घटना के बाद पीड़ित ने कोतवाली में तहरीर देकर न्याय की गुहार लगाई है। जिस पर सोमवार को तीन लोगो के विरुद्ध मुकदमा दर्ज कर लिया गया है।
पीड़ित सोनू कुमार विंद निवासी कटहरा ने तहरीर में बताया कि रविवार रात करीब 8 बजे गांव के ही सिनोद विंद, विनोद विंद और मनीष विंद द्वारा अशोभनीय भाषा में बोलने पर उन्होंने विरोध किया। इस पर आक्रोशित होकर विपक्षियों ने लात, मुक्के और लाठी-डंडों से उसकी बेरहमी से पिटाई कर दी, जिससे उसे सिर व शरीर के अन्य हिस्सों में गंभीर चोटें आईं। घटना के बाद पीड़ित किसी तरह जान बचाकर कोतवाली पहुंचा और लिखित तहरीर देकर उचित कानूनी कार्रवाई की मांग की। इस संबंध में प्रभारी निरीक्षक प्रमोद कुमार सिंह ने बताया कि घटना में सिनोद‚ विनोद और मनीष के विरुद्ध मुकदमा दर्ज किया गया है। जांच की जा रही है।




