बच्चे की हुई तबियत खराब,प्रधाध्यापिका ने पिता से कराई क्लास रूम की सफाई


जमानियाँ (गाजीपुर)। प्रदेश के सरकारी स्कूलों में उत्तम व्यवस्था के साथ ही पढ़ाई के स्तर को बेहतर बनाने व जनता के हितार्थ योगी सरकार दिन रात काम कर रही है। लेकिन जिम्मेदार विभागीय वर्ग इसमें पलीता लगाने में कोई कोर कसर नहीं छोड़ रहे है।
ताजा मामला खण्ड शिक्षा क्षेत्र के ग्राम बरुइन खास स्थित प्राथमिक विद्यालय का है, जहां विद्यालय में एक बच्चें का तबियत खराब हो जाने से वह कक्षा में ही उल्टी कर देता है। उस बच्चे को अस्पताल ले लाने के बजाय शिक्षक अभिभावक को फोन करके स्कूल में बुलाते है तथा पिता से गन्दगी साफ कराने के बाद बच्चें को ले जाने की अनुमति प्रदान करते है। जबकि स्कूल में एक महिला झाडू भी लगा रही है। जिसका एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। वायरल वीडियो को देखकर यह अंदाजा लगाया जा सकता है कि सरकार की तमाम योजनाओं व निर्देशों का जमीन पर क्या असर हुआ है। सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो में पिता बाल्टी में पानी लेकर गन्दगी को धोते नजर आ रहे हैं।
पिता का कहना है –
ग्राम बरुइन निवासी पिता रवि कुमार ने बताया कि मेरा पुत्र ऋतिक कुमार प्राथमिक विद्यालय बरुइन में कक्षा-2 में पढ़ता है। प्रतिदिन की भॉति शुक्रवार को भी वह समय से स्कूल गया। स्कूल के शिक्षक रामाकांत यादव ने सुबह साढ़े आठ बजे फोन करके बताया कि बच्चे की तबियत खराब है, इसको ले कर जाइये। हम विद्यालय आकर हेडमास्टर मैम रामदुलारी से बोले कि हम बच्चे को घर ले जा रहे है। हेडमास्टर ने कहा कि बच्चा जो गन्दा किया है उसे साफ करके जाईयेगा, तब हम आफिस से बाहर निकले तो वहाँ मौजूद एक महिला जो रसोईया या आया थी वह झाडू लगा रही थी तथा तंज कसते हुए कहा कि यह किसका बच्चा है, जो इतना गंदा किया है। यह बच्चा तो सबका तबियत खराब कर देगा। तब हम बाल्टी लेकर हैण्डपम्प से पानी लेकर क्लास रूम को साफ करके बच्चे को लेकर घर पहुॅचे।
वायरल विडियों पर क्या कहे अधिकारी
वायरल विडियों के बाबत पूछे जाने पर खण्ड शिक्षा अधिकारी ने बताया कि इस सवाल का जबाब देने के लिए मै अधिकृत नहीं हूँ। जब पूछा गया कि कौन इस सम्बन्ध में बतायेगा तो फिर उन्होंने कहा कि विडियों की सत्यता की जांच कराने के बाद ही हम कुछ कह पायेगे।



