विद्यालय प्रांगण में मां सरस्वती पूजा व विद्यारंभ संस्कार का हुआ कार्यक्रम

जमानियां। नगर स्थित सरस्वती शिशु मंदिर के प्रांगण में शुक्रवार को सरस्वती पूजन एवं विद्या आरंभ संस्कार का कार्यक्रम अत्यंत गरिमामय और हर्षोल्लास के वातावरण में संपन्न हुआ। इस अवसर पर विद्यालय परिवार ने मां सरस्वती की वंदना कर नए सत्र और शिक्षा की मंगल कामना की।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए प्रधानाचार्य प्रभाकर पाठक और प्रबंधक राम सिंह ने विद्या आरंभ संस्कार के महत्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि सनातन परंपरा में शिक्षा ग्रहण करने से पूर्व संस्कारों का विशेष स्थान है, जो बालक के मानसिक और आध्यात्मिक विकास में सहायक होते हैं। उन्होंने छात्रों को मां सरस्वती के पदचिन्हों पर चलते हुए ज्ञानार्जन के लिए प्रेरित किया। इस दौरान छोटे बच्चों ने विधि-विधान के साथ अपना अक्षर ज्ञान और विद्या का सफर शुरू किया। इस अवसर पर मुख्य रूप से अरविंद वर्मा, ऋषिकेश उपाध्याय, प्रभु सिंह यादव, अनुराग वर्मा और गौतम रावत सहित विद्यालय के समस्त शिक्षक, शिक्षिकाएं और भारी संख्या में छात्र-छात्राएं मौजूद रहे। पूजन के पश्चात सभी को प्रसाद वितरित किया गया और कार्यक्रम का समापन राष्ट्रगान के साथ हुआ।




