उत्तर प्रदेशगाजीपुरज़मानियाहादसा

स्कूली बस की टक्कर से हाईस्कूल छात्र की दर्दनाक मौत, एक की हालत गंभीर

गाजीपुर। नगसर हाल्ट थाना क्षेत्र के नूरपुर गांव के पास सोमवार को हुए दर्दनाक सड़क हादसे में हाईस्कूल परीक्षा देने जा रहे एक छात्र की मौत हो गई, जबकि उसका साथी गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसा उस समय हुआ जब गोंहदा हाईस्कूल बोर्ड की परीक्षा देने जा रहे दो किशोरों की बाइक को सामने से आ रही एक अनियंत्रित स्कूली बस ने जोरदार टक्कर मार दी।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों किशोर सड़क पर दूर जा गिरे। आसपास के ग्रामीण तुरंत मौके पर पहुंच गए और पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने एम्बुलेंस की मदद से दोनों घायलों को अस्पताल भिजवाया।
अस्पताल में डॉक्टरों ने बेटाबर खुर्द निवासी 15 वर्षीय संदीप कुशवाहा को मृत घोषित कर दिया, जबकि चकमेदनी नंबर दो निवासी 16 वर्षीय मान सिंह का गंभीर हालत में इलाज चल रहा है। संदीप अपने पिता सुखदेव सिंह कुशवाहा का इकलौता पुत्र था। उसकी दो छोटी बहनें अंजली और प्रतिमा हैं। बेटे की असमय मौत से परिवार में कोहराम मच गया है।
संदीप के पिता ने बताया कि सोमवार को परीक्षा का तीसरा दिन था। पहले दो दिन वह साइकिल से गया था, लेकिन इस दिन वह दोस्त के साथ बाइक से निकला था। थाना प्रभारी ओमप्रकाश ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। बस को कब्जे में लेकर फरार चालक की तलाश की जा रही है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button

You cannot copy content of this page