समाज से जो कुछ भी हम प्राप्त करते हैं उसे सहज भाव से वापस करना ही सच्ची सेवा है!अभिषेक कुमार

गाजीपुर। स्थानीय जमानियां स्टेशन बाजार स्थित हिंदू स्नातकोत्तर महाविद्यालय जमानियां गाजीपुर में संचालित राष्ट्रीय सेवा योजना विशेष शिविर के पांचवे दिन इकाई प्रथम एवं द्वित्तीय के शिविरार्थियों प्रात: प्रार्थना के उपरांत परामर्श चिकित्सक डॉ विजय श्याम पांडेय ने शिविरार्थियों को हार्ट फुलनेश एकात्म अभियान के तहत ध्यान, सूर्य नमस्कार,कराया।
तत्पश्चात शिविरार्थियों ने नाश्ते के बाद “वन नेशन वन इलेक्शन” विषय पर वाद विवाद प्रतियोगिता में भाग लिया।
बौद्धिक सत्र में जमानियां तहसील से पधारे उपजिलाधिकारी अभिषेक राय ने “लक्ष्य निर्धारण एवं युवा मन की संकल्प शक्ति” विषय पर शिविरार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि अगर हमारे पास जीवन में एक निर्धारित लक्ष्य के लिए दृढ़ संकल्प और इच्छाशक्ति है, तो हमें सफलता प्राप्त करने से कोई नहीं रोक सकता। हालाँकि, कुछ लोगों में यह गुण ईश्वर द्वारा दिया जाता है और कुछ को इसे अभ्यास से विकसित करना पड़ता है, अगर हमारे पास यह है तो हमें जीवन में सफल होने से कोई नहीं रोक सकता। हालाँकि एक बात स्पष्ट है कि उपलब्धि का प्रकार उस लक्ष्य पर निर्भर करता है जिसे हमने अपने लिए निर्धारित किया है और हमारा दृढ़ संकल्प। साथ ही, हमें हमेशा याद रखना चाहिए कि जीवन की यात्रा आसान नहीं है, असफलताएँ इसका हिस्सा हैं और हमें परिस्थितियों पर रोने के बजाय असफलताओं से सीखना चाहिए। एक बार जब हम दृढ़ निश्चयी हो जाते हैं और अपने मन को अनुशासित कर लेते हैं, तो हम एक महान परिवर्तन देखेंगे। उन्होंने आगे के वक्तव्य में कहा कि समाज से जो कुछ भी हम प्राप्त करते हैं उसे सहज भाव से वापस करना ही सच्ची सेवा है। कार्यक्रम को आगे बढा़ते हुए महाविद्यालय के वरिष्ठ आचार्य प्रो अखिलेश कुमार शर्मा शास्त्री ने शिविरार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि दृढ़ संकल्प का अर्थ है उद्देश्य या इरादे की दृढ़ता। यह हमारी इच्छाशक्ति और हमारे प्रयास में दृढ़ रहने की एकाग्रता की शक्ति है। इसका अर्थ है अपने लक्ष्य पर बने रहने की क्षमता, लक्ष्य पर केंद्रित रहना, समस्याओं और बाधाओं का दृढ़ता से सामना करना, अपने निर्णयों, समाधानों और इरादों के बारे में दृढ़ और दृढ़ रहना और दृढ़ संकल्प, धैर्य, दृढ़ता, विश्वास और साहस के साथ सपने और इच्छाओं को पूरा करने के लिए इच्छाशक्ति की शक्ति का उपयोग करना। इसी क्रम में महाविद्यालय के आईक्यूएसी प्रभारी प्रो अरुण कुमार ने शिविरार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि धैर्य एवं अनुशासन के माध्यम से किसी भी लक्ष्य को प्राप्त किया जा सकता है।
इसी क्रम में योग प्रशिक्षक उदय प्रताप सिंह ने शिविरार्थियों को मन, चित्त, आत्मा, परमात्मा,को समवेत रुप से जोड़ कर लक्ष्य प्राप्त करने पर बल देने की बात कही।
कार्यक्रम का सफल संचालन कार्यक्रम अधिकारी डॉ अभिषेक तिवारी ने किया वहीं आभार ज्ञापन वरिष्ठ कार्यक्रम अधिकारी डॉ राकेश कुमार सिंह ने किया।इस अवसर पर सूरज कुमार जायसवाल दिग्विजय सिंह सारिका जायसवाल प्रवेश कुमार सिंह रीना,अरमान अनिमेष विजय पांडे शीपू आशीष आदि उपस्थित रहे। कार्यक्रम का समापन “हम होंगे कामयाब”के पश्चात किया गया।




