
जमानिया। लगता है चोरों ने भी नए स्टेशन चौकी प्रभारी का स्वागत अपने अंदाज़ में किया है। नवागत चौकी प्रभारी विवेक पाठक के कार्यभार संभालते ही चोरों ने उन्हें पहली “सलामी” दी। स्टेशन बाजार स्थित काली माता मंदिर के पीछे स्व. सुखराम गोंड के पुत्र पंकज गोंड के घर पर धावा बोलते हुए चोर मोटरसाइकिल, दो गैस सिलेंडर समेत अन्य सामान लेकर चंपत हो गए।
परिजन जब रविवार की सुबह सुडौल (मध्यप्रदेश) से लौटे तो देखा कि घर के गेट पर अजीब हालात—अपना ताला नहीं बल्कि चोरों का लगाया गया ताला! मजबूरन परिजनों को ताला तोड़ना पड़ा और अंदर घुसते ही चोरी का खुलासा हो गया। घटना की खबर मिलते ही मोहल्ले में चर्चा शुरू हो गई कि नए चौकी प्रभारी का “वेलकम” तो चोरों ने ही कर दिया। हालांकि विवेक पाठक ने स्थल निरीक्षण कर जल्द ही चोरी का पर्दाफाश करने का भरोसा दिलाया है। एक तरफ तो पुलिस मामले की जांच में जुटी है तो वहीं दूसरी ओर फिलहाल लोग चुटकी लेते हुए कह रहे हैं कि नए साहब आए हैं, चोरों ने भी अपनी हाजिरी लगा दी है।



