एसओ करंडा की बड़ी कार्रवाई: 25 हजार की इनामिया महिला को पुलिस ने किया गिरफ्तार

गाजीपुर। अपराधियों के खिलाफ सख्त तेवर और तेज तर्रार कार्रवाई के लिए चर्चित करण्डा थाना प्रभारी अशोक कुमार गुप्ता ने एक बार फिर अपनी कार्यकुशलता का लोहा मनवाया है। 25 हजार रुपये की इनामिया महिला अभियुक्ता को गिरफ्तार कर उन्होंने साफ कर दिया कि कानून से बचना अब आसान नहीं। चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत एसओ अशोक कुमार गुप्ता अपनी टीम के साथ सक्रिय थे। तभी मुखबिर से मिली पुख्ता सूचना पर उन्होंने बिना देर किए बड़सरा बाईपास तिराहे पर घेराबंदी कर दी। पुलिस की सटीक रणनीति के आगे शातिर अभियुक्ता आशा देवी बच नहीं सकी और मौके से ही दबोच ली गई। गिरफ्तार अभियुक्ता आशा देवी, पत्नी अंगद यादव, निवासी ग्राम बयेपुर (मड़ई), थाना करण्डा, जनपद गाजीपुर, मु0अ0सं0 15/2026 में धारा 85, 80(2), 352 BNS व 3/4 DP एक्ट के तहत वांछित चल रही थी। उसकी गिरफ्तारी पर 25,000 रुपये का इनाम घोषित था। अभियुक्ता काफी समय से पुलिस को चकमा दे रही थी, लेकिन एसओ अशोक गुप्ता की पैनी निगाह और रणनीतिक कार्रवाई ने आखिरकार उसे सलाखों के पीछे पहुंचा दिया।
पुलिस द्वारा गिरफ्तारी के बाद आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है। इस पूरी कार्रवाई में करण्डा थाना पुलिस टीम की सक्रियता और नेतृत्व की सराहना की जा रही है। एसओ अशोक कुमार गुप्ता की इस दमदार कार्रवाई ने साफ संदेश दे दिया है कि करण्डा क्षेत्र में अपराधियों के लिए अब कोई जगह नहीं बची है।



