
जमानिया। कोतवाली क्षेत्र के मुहम्मदपुर गांव में पशुशाला में बंधी एक भैंस चोरी होने में पीड़ित पशुपालक ने गांव के ही एक युवक पर चोरी करने या कराने का आरोप लगाते हुए बुधवार को कोतवाली तहरीर दी है। पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच शुरू कर दी है।
मुहम्मदपुर निवासी भोला सिंह कुशवाहा ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि बीते 8/9 दिसंबर की रात उन्होंने अपनी भैंस को रोज की तरह पशुशाला में बांधा था। रात करीब 12 बजे तक उन्होंने भैंस को देखा था, जिसके बाद वह सो गए। देर रात मौका पाकर चोरों ने भैंस पार कर दी। सुबह जब उनकी आंख खुली तो पशुशाला से भैंस गायब देख उनके होश उड़ गए। पीड़ित ने गांव के ही एक युवक पर शक जाहिर किया है। तहरीर में आरोप लगाया गया है कि पूर्व में जमीन पर खूंटा गाड़ने को लेकर आरोपी से विवाद हुआ था। पीड़ित का मानना है कि इसी रंजिश के कारण उसकी भैंस चोरी की गई है। इस संबंध में प्रभारी निरीक्षक रामसजन नागर ने बताया कि पीड़ित भोला सिंह की तहरीर के आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर जांच की जा रही है।




