गहमर में खूनी संघर्ष: दो युवकों की मौत, तीसरे की तलाश में पुलिस, डीआईजी ने किया निरीक्षण

गाजीपुर। थाना गहमर क्षेत्र अंतर्गत खेलूराय पट्टी, गहमर में दिनांक 24/25 दिसंबर की रात्रि पूर्व के विवाद को लेकर दो पक्षों के बीच हुई भीषण मारपीट में विक्की सिंह एवं सौरभ सिंह नामक दो युवकों की मौत हो गई। घटना के बाद क्षेत्र में सनसनी फैल गई। मृतकों के साथ मौजूद एक अन्य व्यक्ति घटना के बाद से लापता है, जिसकी तलाश में पुलिस टीमों को लगाया गया है। सूचना मिलते ही भारी पुलिस बल मौके पर पहुंचा और स्थिति को नियंत्रण में लिया गया।
प्रकरण की गंभीरता को देखते हुए पुलिस द्वारा अभियोग पंजीकृत कर लिया गया है तथा घटना के सभी पहलुओं की गहन जांच की जा रही है। कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए क्षेत्र में सतर्कता बढ़ा दी गई है।
घटना की सूचना पर पुलिस उपमहानिरीक्षक, वाराणसी परिक्षेत्र वैभव कृष्ण एवं पुलिस अधीक्षक गाजीपुर डॉ. ईरज राजा ने स्वयं घटनास्थल का निरीक्षण किया और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। पुलिस का कहना है कि दोषियों के विरुद्ध कठोरतम विधिक कार्यवाही सुनिश्चित की जाएगी।




