उत्तर प्रदेशगाजीपुरप्रशासनिकब्रेकिंग

सपा सांसद के पैर छूते दिखे थानेदार: बोले मेरी औकात कहा गिरफ्तार करने की, वायरल वीडियो से पुलिस की निष्पक्षता पर सवाल

सपा सांसद के पैर छूते थाना प्रभारी संजय मिश्रा

गाजीपुर। जनपद के बिरनो टोल प्लाजा पर 25 जनवरी 2026 को सामने आई एक घटना ने पूरे पुलिस महकमे को कटघरे में खड़ा कर दिया है। सपा डेलिगेशन के साथ वाराणसी जा रहे बलिया सांसद सनातन पाण्डेय और जंगीपुर विधायक डॉ. वीरेंद्र यादव समर्थकों संग टोल प्लाजा पर धरने के दौरान बैठे थे। इसी दौरान बलिया जनपद के नगरा थाना क्षेत्र की सरकारी गाड़ी संख्या यूपी 70 AG 3240 मौके पर पहुँची, जिस पर नगरा थानाध्यक्ष संजय मिश्रा सवार थे। गाड़ी से उतरते ही थानाध्यक्ष द्वारा सांसद के पैर छूकर “भैया प्रणाम” कहना और उसके बाद विनम्र अंदाज में बातचीत करना मौके पर मौजूद लोगों के लिए चौंकाने वाला दृश्य रहा। जब सांसद के बगल में विधायक द्वारा कहा गया कि गिरफ्तार कीजिए तो थाना प्रभारी द्वारा कहा गया कि हम भी बगल में बैठेंगे। यही नहीं थाना प्रभारी द्वारा यह भी कहा गया कि मेरी औकात कहा गिरफ्तार करने की
इस पूरे घटनाक्रम का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गया है और मीडिया में मामला सुर्खियों में है। वायरल वीडियो को लेकर यह सवाल जोर पकड़ रहा है कि क्या कानून सबके लिए बराबर है, या फिर रसूखदारों के आगे खाकी नरम पड़ जाती है?
कानून के जानकारों का कहना है कि किसी पुलिस अधिकारी का इस तरह सार्वजनिक रूप से किसी राजनीतिक प्रतिनिधि के प्रति व्यवहार करना पुलिस की राजनीतिक तटस्थता और वर्दी की गरिमा के विपरीत माना जा सकता है। ऐसे दृश्य आम जनता के बीच पुलिस की निष्पक्ष भूमिका पर गंभीर संदेह पैदा करते हैं।
घटना के बाद जिले भर में चर्चाओं का बाजार गर्म है। लोग सवाल उठा रहे हैं कि क्या पुलिस बिना दबाव के अपने कर्तव्यों का निर्वहन कर पा रही है। अब सबकी निगाहें उच्च पुलिस अधिकारियों पर टिकी हैं कि वायरल वीडियो और मीडिया में उठे सवालों के बाद इस मामले में क्या कार्रवाई की जाती है। यह मामला अब सिर्फ एक वीडियो तक सीमित नहीं रहा, बल्कि खाकी की साख और कानून की बराबरी की परीक्षा बन चुका है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button

You cannot copy content of this page