
जमानिया। थाना क्षेत्र के कसेरा पोखरा स्थित एक निजी विद्यालय के पास सोमवार को ओवरटेक को लेकर कहासुनी के बाद एक ट्रक चालक के साथ मारपीट करने के मामले में पुलिस ने सोमवार को एक नामजद और तीन अज्ञात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया। जांच की जा रही है। कृष्ण मुरारी यादव निवासी महादेवा, थाना सुहवल, ट्रक लेकर दिलदारनगर से जमानियां की ओर आ रहा था। इसी दौरान कसेरा पोखरा के पास स्थित एक निजी विद्यालय से करीब 100 मीटर पहले, सुबह करीब 11:50 बजे, निवासी शाहपुर फुल्ली गांव निवासी एक युवक, अपने तीन साथियों के साथ ओवरटेक करने की बात को लेकर कृष्ण मुरारी से उलझ गया। आरोप है कि विवाद इतना बढ़ गया कि धमेन्द्र यादव व उसके साथियों ने ट्रक चालक को लात-घूंसे और लाठी-डंडों से पीटना शुरू कर दिया। मारपीट के दौरान उन्होंने मां-बहन की भद्दी-भद्दी गालियां भी दीं। शोरगुल सुनकर राहगीरों ने बीच-बचाव कर किसी तरह पीड़ित को बचाया। पीड़ित कृष्ण मुरारी ने थाने पहुंचकर घटना की लिखित तहरीर दी।इस संबंध में प्रभारी निरीक्षक प्रमोद कुमार सिंह ने बताया कि घटना की सूचना के आधार पर धमेन्द्र यादव निवासी शाहपुर फुल्ली सहित तीन अज्ञात के विरुद्ध मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। मामले की जांच की जा रही है।




