


जमानियाँ (गाजीपुर)। मिशन शक्ति फेज-5 के अंतर्गत क्षेत्र के ग्राम दाउदपुर स्थित आदित्य इंटर कॉलेज में बारहवीं की छात्रा पूजा तिवारी को एक दिन के लिए शनिवार को प्रधानाचार्या की जिम्मेदारी सौपी गई। इस पहल का उद्देश्य छात्राओं में आत्मसम्मान व नेतृत्व क्षमता का विकाश करना है।
विद्यालय के प्रधानाचार्य ओमनरायण राय ने अपने प्रशासनिक और शैक्षणिक दायित्व को सौंपते हुए उन्हें सम्मानपूर्वक अपनी कुर्सी पर बैठाया और प्रशासनिक व शैक्षणिक कार्यो से भली-भांति अवगत कराते हुए कुशल संचालन हेतु बधाई दी। उन्होंने बताया कि इस पहल का उद्देश्य बच्चों में नेतृत्व क्षमता, निर्णय लेने की योग्यता और स्कूल प्रशासन के प्रति जागरूकता विकसित करना है। उन्होंने कहा कि मिशन शक्ति के तहत जागरूकता कार्यक्रम के साथ ही स्वच्छता पखवारा व रैलियों का आयोजन आगामी 31 अक्टूबर तक आयोजित किया जाएगा।
एक दिन की प्रधानाचार्य पूजा तिवारी ने अपने दायित्व का निर्वहन करते हुए शिक्षक- कर्मचारी उपस्थिति पंजिका का अवलोकन कर प्रत्येक कक्षाओं का निरीक्षण करते हुए छात्राओं की समस्याओं को सुना तथा यथाशीघ्र निराकरण का भरोसा दिया। उन्होंने गुरुजनों व छात्राओं से अपील किया कि विद्यालय में बेहतर शैक्षणिक वातावरण बनाये, जिससे विद्यार्थियों का शैक्षणिक व मानसिक विकास हो सके। शिक्षार्थी स्कूल में मोबाइल न लाये तथा कक्षा खाली होने पर भी पढ़ाई करे। उक्त मौके पर सभी शिक्षकगण मौजूद रहे।




