जमानिया। कोतवाली पुलिस ने शुक्रवार को महिलाओं और लड़कियों के साथ छीटाकशी करने के आरोप में एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया। पकड़े गए आरोपी की पहचान वार्ड नं. 22 बजरंग कॉलोनी निवासी मोहन वर्मा (55 वर्ष) के रूप में हुई है।
उपनिरीक्षक अभिनव कुमार गुप्ता ने बताया कि वे हमराह महिला कांस्टेबल प्रिया द्विवेदी व पुलिस टीम के साथ बैंक चेकिंग व एंटीरोमियो स्काट ड्यूटी पर थे। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि बड़ेसर नहर पुलिया के पास एक व्यक्ति राह चलती महिलाओं और लड़कियों से अभद्र व्यवहार कर रहा है। सूचना पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची और छिपकर देखा तो एक व्यक्ति वहां खड़ा होकर राहगीर महिला पर छीटाकशी कर रहा था। पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए उसे दबोच लिया। पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम मोहन वर्मा बताया और अपनी गलती स्वीकार करते हुए भविष्य में ऐसी हरकत न करने का वादा किया। पुलिस ने आरोपी को धारा 296 बीएनएस के तहत गिरफ्तार कर लिया। प्रभारी निरीक्षक प्रमोद कुमार सिंह ने बताया कि आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है और उसके खिलाफ आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा रही है।




